Samachar Nama
×

कभी लंदन में करती थीं कॉर्पोरेट नौकरी, फिर कॉमेडी को बनाया जुनून…दिलचस्प है जेमी लीवर का सफर

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड और स्टैंडअप कॉमेडी की दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे हैं, जिन्हें देखकर चेहरे पर मुस्कान अपने आप आ जाती है। जेमी लीवर भी उन्हीं कलाकारों में से एक हैं। अपनी शानदार मिमिक्री, कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज से उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है।

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड और स्टैंडअप कॉमेडी की दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे हैं, जिन्हें देखकर चेहरे पर मुस्कान अपने आप आ जाती है। जेमी लीवर भी उन्हीं कलाकारों में से एक हैं। अपनी शानदार मिमिक्री, कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज से उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है।

हालांकि, जेमी के लिए यह सफर इतना आसान नहीं था। मशहूर कॉमेडियन जॉनी लीवर की बेटी होने के बावजूद उन्होंने अपनी पहचान सिर्फ पिता के नाम के सहारे नहीं बनाई, बल्कि अपने टैलेंट और मेहनत से दर्शकों के दिल में जगह बनाई।

जेमी लीवर का जन्म 19 अक्टूबर 1987 को मुंबई में हुआ था। वह बचपन से ही ऐसे परिवार में पली-बढ़ीं, जहां मनोरंजन की दुनिया से उनका गहरा रिश्ता था। उनके पिता जॉनी लीवर अपने दौर के सबसे लोकप्रिय कॉमेडियन में शामिल थे।

जेमी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंबई में की, लेकिन आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने लंदन का रुख किया। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टमिंस्टर से मार्केटिंग कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया। पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी की। लंदन की एक मार्केट रिसर्च फर्म में जेमी मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थीं। यानी जिस जेमी को आज स्टेज पर मजेदार अंदाज में लोगों को हंसाते हुए देखा जाता है, वह कभी ऑफिस में एक्सेल, पावरपॉइंट और मार्केट रिपोर्ट्स के बीच अपना दिन बिताती थीं।

कॉर्पोरेट की नौकरी के बावजूद उनके दिल में स्टेज परफॉर्मेंस का जुनून कहीं न कहीं जिंदा था। लंदन में रहते हुए जेमी ने कॉमेडी क्लब्स में ओपन माइक से अपनी शुरुआत की। छोटे-छोटे मंचों पर लोगों के सामने परफॉर्म करना उनके लिए एक नया अनुभव था। वहां दर्शकों की प्रतिक्रिया और मिली सराहना ने उन्हें एहसास कराया कि शायद उनका असली जुनून कॉमेडी ही है।

इसके बाद जेमी ने तय किया कि अब वह अपने पैशन को ही अपना प्रोफेशन बनाएंगी। उन्होंने कॉर्पोरेट की नौकरी से अलग रास्ता चुना और भारत लौट आईं। मुंबई में उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडी और मिमिक्री के जरिए अपने करियर की शुरुआत की।

जेमी की सबसे बड़ी खासियत उनकी मिमिक्री है। वह कई मशहूर अभिनेत्रियों और कलाकारों की आवाज, अंदाज और हाव-भाव को बेहद मजेदार तरीके से कॉपी करती हैं। कंगना रनौत, फराह खान और श्रीदेवी जैसे सितारों की मिमिक्री से उन्हें सोशल मीडिया पर खूब लोकप्रियता मिली।

टीवी पर भी उन्होंने अपनी कॉमेडी का जलवा दिखाया। 'कॉमेडी सर्कस के महाबली' जैसे शो ने उन्हें घर-घर तक पहुंचाने में मदद की। इसके बाद सोशल मीडिया ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया। उनके कॉमिक वीडियो तेजी से वायरल होने लगे और देखते ही देखते उनकी एक अलग फैन फॉलोइंग बन गई।

कॉमेडी और मिमिक्री के बाद जेमी ने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा। साल 2015 में फिल्म 'किस किसको प्यार करूं' से उन्होंने बॉलीवुड डेब्यू किया। इसके बाद वह 'हाउसफुल 4', 'भूत पुलिस' 'क्रैक' और 'यात्रियों' जैसी फिल्मों में नजर आईं।

जेमी सिर्फ हिंदी सिनेमा तक सीमित नहीं रहीं। साल 2024 में उन्होंने तेलुगू सिनेमा में भी डेब्यू किया। खास बात यह रही कि उन्होंने इस फिल्म को अपनी दादी को समर्पित किया, क्योंकि उनकी दादी हिंदी कम समझ पाती थीं।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story