कभी क्लास बंक करते थे जस्सी गिल, आज हैं पंजाब के सुपरस्टार, जानिए स्टारडम का सफर
मुंबई, 25 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब की मिट्टी ने देश को कई ऐसी आवाजें दी हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर दुनिया भर में पहचान बनाई है। इन्हीं में एक नाम लोकप्रिय गायक और अभिनेता जस्सी गिल का भी है। पंजाब के लुधियाना जिले में खन्ना के पास स्थित छोटे से गांव जंदाली से आने वाले जस्सी गिल ने कभी नहीं सोचा था कि वे गायकी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाएंगे। हालांकि, किस्मत और मेहनत के मेल ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी।
आज जस्सी सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि उन लाखों युवाओं के लिए मिसाल हैं, जो बिना किसी बड़े सहारे के अपने दम पर मुकाम हासिल करना चाहते हैं। तो चलिए जानते हैं उनके इस सफर के बारे में।
26 नवंबर 1988 को पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना के पास जंडाली गांव में जन्मे गायक, लाइव परफॉर्मर और अभिनेता जस्सी गिल की शुरुआत से ही पढ़ाई में कोई खास दिलचस्पी नहीं रहती थी। स्कूल के दिनों में इससे बचने के लिए वह अक्सर क्लास बंक किया करते थे। स्कूल के दिनों तक वे नियमित रूप से पगड़ी पहनते थे। परिवार की ओर से उन्हें हमेशा एक सहज माहौल मिला, जहाँ उन्हें बचपन से ही गुनगुनाने और गाने का शौक था।
स्कूल खत्म होने के बाद जस्सी ने गोबिंदगढ़ पब्लिक कॉलेज में प्रवेश लिया। चूंकि उन्हें पढ़ाई कठिन लगती थी, इसलिए अच्छे अंक लाने के उद्देश्य से उन्होंने दो प्रैक्टिकल विषय- संगीत और शारीरिक शिक्षा चुने। हालांकि, इस दौरान भी पेशेवर गायक बनने के बारे में कभी नहीं सोचा था, लेकिन म्यूजिक क्लासेज के दौरान उनके म्यूजिक प्रोफेसर नरेंद्र धीमान ने उनके अंदर की छिपी हुई प्रतिभा को पहचाना और जस्सी गिल को कॉलेज के गायन ट्रायल्स देने के लिए प्रेरित किया।
ट्रायल्स पास करने के बाद जस्सी ने कॉलेज के एक समारोह में गाया और पहला पुरस्कार जीता। इसके बाद प्रोफेसर धीमान ने उन्हें बाकायदा संगीत का प्रशिक्षण दिया। जस्सी ने लगातार चार वर्षों तक स्थानीय और कॉलेज के यूथ फेस्टिवल्स में हिस्सा लिया और हर बार गायन प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया। यहीं से उनके मन में एक बड़ा गायक बनने का सपना जागा।
ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद जब उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखने की कोशिश की, तो शुरुआत में कुछ म्यूजिक कंपनियों द्वारा उनके साथ धोखाधड़ी की गई, जिससे वे काफी निराश हो गए थे। अपना एल्बम निकालने के लिए उनके पास पर्याप्त पैसे नहीं थे। इसलिए वे स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया चले गए। वहां उन्होंने पैसे जुटाने के लिए कई महीनों तक कार धोने का काम किया और अपनी मेहनत की कमाई से पैसे बचाए।
ऑस्ट्रेलिया से पैसे बचाकर भारत लौटने के बाद जस्सी ने 2011 में टी-सीरीज के बैनर तले अपना डेब्यू एल्बम 'बैचमेट' रिलीज किया। इस एल्बम के गाने 'चूड़ियां' को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और उन्हें पहचान मिली। इसके बाद जनवरी 2013 में उनका दूसरा एल्बम 'बैचमेट 2' आया, जिसके गाने 'लैंसर' ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इस म्यूजिकल सफलता के बाद जस्सी गिल ने पंजाबी फिल्मों (मिस्टर एंड मिसेज 420) और फिर बॉलीवुड (हैप्पी फिर भाग जाएगी, पंगा) में भी अपनी एक खास जगह बनाई।
--आईएएनएस
एनएस/एएस

