Juhi Chawla Birthday: सलमान से शादी की चर्चा, आमिर से 5 साल की नाराजगी और शाहरुख को थप्पड़ मारने का किस्सा
बॉलीवुड की चुलबुली और हमेशा मुस्कुराते रहने वाली अभिनेत्री जूही चावला आज अपना 59वां जन्मदिन मना रही हैं। 80 और 90 के दशक में अपनी खूबसूरती, शानदार अभिनय और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाली जूही ने अपने करीब चार दशक लंबे करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। साल 1986 में फिल्म 'सल्तनत' से हिंदी सिनेमा में कदम रखने वाली जूही आज भी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं।
जूही चावला ने अपने करियर में शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम किया है। इनमें से शाहरुख और आमिर के साथ उनकी जोड़ी पर्दे पर काफी पसंद की गई, लेकिन सलमान के साथ उन्होंने कभी बतौर लीड एक्ट्रेस कोई फिल्म नहीं की। दिलचस्प बात यह है कि सलमान एक समय जूही से शादी करना चाहते थे। उन्होंने अभिनेत्री के पिता से उनका हाथ भी मांगा था, लेकिन बात नहीं बन सकी।
जूही की जिंदगी से जुड़े ऐसे कई किस्से हैं, जिनमें कभी दोस्ती दिखाई देती है तो कभी नाराजगी। आमिर खान के एक प्रैंक से वह पांच साल तक उनसे नाराज रहीं, जबकि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्होंने गुस्से में शाहरुख खान को थप्पड़ तक मार दिया था।
आमिर खान की शरारतों से परेशान हो गई थीं जूही
जूही चावला और आमिर खान ने साल 1988 में रिलीज हुई फिल्म 'कयामत से कयामत तक' में साथ काम किया था। इस फिल्म से दोनों को बड़ी पहचान मिली और उनकी दोस्ती भी अच्छी हो गई। हालांकि, आमिर की मजाक करने की आदत कई बार जूही को परेशान कर देती थी।
फिल्म 'तुम मेरे हो' की शूटिंग के दौरान आमिर ने जूही को एक सांप पकड़ा दिया था। सांप देखकर जूही बुरी तरह डर गईं और सेट पर इधर-उधर भागने लगीं। इसके बाद फिल्म 'हम हैं राही प्यार के' की शूटिंग के दौरान भी आमिर ने उन्हें पानी में धक्का दे दिया था।
लेकिन सबसे ज्यादा नाराजगी जूही को फिल्म 'इश्क' के सेट पर हुए एक प्रैंक से हुई। बताया जाता है कि गाने की शूटिंग के दौरान आमिर ने जूही से कहा कि उन्हें ज्योतिष विद्या आती है और वह उनका हाथ देखकर भविष्य बता सकते हैं। जूही ने जैसे ही अपना हाथ आगे बढ़ाया, आमिर ने उस पर थूक दिया।
आमिर की इस हरकत से जूही बेहद नाराज हो गईं और रोने लगीं। इसके बाद उन्होंने करीब पांच साल तक आमिर से बातचीत नहीं की।
'राजा हिंदुस्तानी' में काम करने से भी कर दिया था इनकार
आमिर से नाराजगी का असर उनके पेशेवर रिश्तों पर भी पड़ा। जब जूही को फिल्म 'राजा हिंदुस्तानी' में आमिर खान के अपोजिट काम करने का प्रस्ताव मिला, तो उन्होंने फिल्म करने से इनकार कर दिया। बाद में यह भूमिका करिश्मा कपूर को मिली और फिल्म उनके करियर की बड़ी हिट साबित हुई।
हालांकि, समय के साथ दोनों के बीच दूरियां खत्म हो गईं और दोस्ती फिर से कायम हो गई। आमिर की पहली पत्नी रीना दत्ता से अलगाव के बाद जब वह मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब जूही ने उनका साथ दिया। बताया जाता है कि वह उनसे मिलने जाती थीं और उन्हें भावनात्मक सहारा देती थीं।
शाहरुख खान को गुस्से में मार दिया था थप्पड़
शाहरुख खान और जूही चावला की जोड़ी बॉलीवुड की लोकप्रिय जोड़ियों में शामिल रही है। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और पर्दे के बाहर भी उनकी दोस्ती मजबूत बनी रही। लेकिन एक बार फिल्म 'फिर भी दिल है हिंदुस्तानी' की शूटिंग के दौरान ऐसा वाकया हुआ, जब जूही ने शाहरुख को थप्पड़ मार दिया था।
फिल्म के निर्देशक विवेक शर्मा के एक पुराने इंटरव्यू के मुताबिक, शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीन फिल्माया जा रहा था। इस सीन में अचानक आग का गोला निकलना था। जूही को इस इफेक्ट की जानकारी नहीं थी। जैसे ही शूटिंग के दौरान जोरदार धमाके के साथ आग का गोला निकला, वह घबरा गईं।
जूही को लगा कि शाहरुख को इस बारे में पहले से पता था, लेकिन उन्होंने उन्हें बताया नहीं। इसी गुस्से में उन्होंने शाहरुख को थप्पड़ मार दिया और शूटिंग छोड़कर अपनी वैनिटी वैन में चली गईं। बाद में शाहरुख खुद उन्हें मनाने पहुंचे। हालांकि, इस पूरे मामले में शाहरुख की कोई गलती नहीं थी।
भाई के मुश्किल समय में शाहरुख बने थे सहारा
जूही और शाहरुख की दोस्ती सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है। जूही ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उनके भाई की तबीयत बिगड़ी और वह कोमा में चले गए, तब शाहरुख ने उनका काफी साथ दिया था।
जूही के मुताबिक, उस मुश्किल समय में वह खुद को अकेला महसूस कर रही थीं। ऐसे में शाहरुख ने दोस्त की तरह उनका हौसला बढ़ाया। अभिनेत्री कई मौकों पर कह चुकी हैं कि जरूरत पड़ने पर वह शाहरुख को फोन कर सकती हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह उनकी मदद के लिए पहुंचेंगे।
वहीं, जब साल 2021 में शाहरुख के बेटे आर्यन खान को ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया था, तब जूही ने भी दोस्ती निभाई। उन्होंने आर्यन की जमानत के लिए एक लाख रुपये के बेल बॉन्ड पर हस्ताक्षर किए थे। इसके अलावा दोनों कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सह-मालिक भी हैं।
सलमान खान करना चाहते थे जूही से शादी
सलमान खान और जूही चावला ने भले ही किसी फिल्म में बतौर मुख्य जोड़ी काम नहीं किया, लेकिन सलमान एक समय अभिनेत्री को पसंद करते थे। सलमान ने एक पुराने इंटरव्यू में खुद बताया था कि वह जूही से शादी करना चाहते थे और इस बारे में उनके पिता से बात भी की थी।
जब इंटरव्यू में सलमान से पूछा गया कि जूही के पिता ने क्या जवाब दिया, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। सलमान ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा था कि शायद वह जूही के पिता की पसंद पर खरे नहीं उतरते थे।
जूही को आज भी फिल्म साथ न करने का ताना देते हैं सलमान
जूही चावला ने भी सलमान के इस पुराने बयान पर प्रतिक्रिया दी थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि जब उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था, तब सलमान इतने बड़े स्टार नहीं बने थे। उस समय वह उन्हें ज्यादा अच्छी तरह नहीं जानती थीं।
जूही के मुताबिक, सलमान आज भी उनसे मिलते हैं तो इस बात का जिक्र जरूर करते हैं कि उन्होंने उनके साथ कोई फिल्म क्यों नहीं की। अभिनेत्री ने बताया था कि दोनों ने भले ही फिल्मों में साथ काम नहीं किया, लेकिन कई स्टेज शोज में एक साथ नजर आए हैं। फिल्म 'दीवाना मस्ताना' में सलमान का कैमियो जरूर था।
जूही चावला के ये किस्से बताते हैं कि बॉलीवुड में उनके रिश्ते सिर्फ पर्दे तक सीमित नहीं रहे। कहीं दोस्ती में नाराजगी आई तो कहीं मुश्किल वक्त में पुराने मतभेद भुलाकर एक-दूसरे का साथ भी दिया गया।

