Jailer 2 Box Office: 18वें दिन भी 'जेलर 2' की कमाई में उछाल, भारत में 456 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन
सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में बेहतरीन कमाई करने के बाद फिल्म ने तीसरे वीकेंड पर भी अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। खास बात यह है कि तीसरे रविवार को फिल्म की कमाई में एक बार फिर उछाल देखने को मिला और इसका कलेक्शन डबल डिजिट में पहुंच गया।
18वें दिन 'जेलर 2' ने कितनी कमाई की?
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी 'जेलर 2' 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले हफ्ते में 334.35 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था। वहीं, दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई में गिरावट आई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने 95.55 करोड़ रुपये जुटाए।
तीसरे हफ्ते की शुरुआत में फिल्म की कमाई धीमी पड़ गई थी। तीसरे शुक्रवार यानी 16वें दिन इसने 5.50 करोड़ रुपये कमाए। हालांकि, शनिवार को कलेक्शन बढ़कर 9.70 करोड़ रुपये पहुंच गया।
अब सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 18वें दिन यानी तीसरे रविवार को 'जेलर 2' ने 11.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई 456.30 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 533.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी
456.30 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ 'जेलर 2' इस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इस सूची में पहले स्थान पर 'धुरंधर द रिवेंज' है।
हालांकि, फिल्म के लिए भारत में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना अब चुनौती हो सकता है। वीकडेज में कमाई की रफ्तार धीमी पड़ने की आशंका है। इसके अलावा 5 नवंबर को रिलीज होने वाली नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' से भी इसे मुकाबला करना होगा। इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
350 करोड़ रुपये के बजट में बनी है फिल्म
'जेलर 2' का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है, जबकि इसका निर्माण कलानिधि मारन के प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स ने किया है। फिल्म में रजनीकांत के अलावा एस.जे. सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु, राम्या कृष्णन और विद्या बालन भी अहम भूमिकाओं में हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 350 करोड़ रुपये है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई कितनी आगे बढ़ती है और क्या यह 500 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा छू पाती है।

