'जहां लोग भाग जाते, वहां वो डटे रहे', रेजांग ला के वीरों को फरहान अख्तर ने दी श्रद्धांजलि
मुंबई, 18 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता फरहान अख्तर ने भारत-चीन युद्ध (रेजांग ला की लड़ाई) के 62 साल पूरे होने पर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि हमारे सैनिक अपने खून से इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवाकर गए हैं।
बुधवार को अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म '120 बहादुर' का पोस्टर जारी करते हुए रेजांग ला के वीरों को याद किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "जहां ज्यादातर लोग भाग जाते, वहां वो डटे रहे। जहां ज्यादातर लोग हार मान लेते, वहां वो लड़े। उन्होंने खून से इतिहास में अपना नाम लिख दिया। रेजांग ला के वीरों को नमन।"
दरअसल, 'रेजांग ला दिवस' हर साल 18 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिन 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान लद्दाख के चुशुल सेक्टर में स्थित रेजांग ला दर्रे पर लड़ी गई ऐतिहासिक लड़ाई के शहीदों की याद में मनाया जाता है।
18 नवंबर 1962 को लद्दाख के चुशुल सेक्टर में रेजांग ला चौकी पर कुमाऊं रेजिमेंट की 13वीं बटालियन की 'चार्ली' कंपनी ने भारी संख्या में आए चीनी सैनिकों का डटकर सामना किया। कंपनी की कमान मेजर शैतान सिंह के पास थी, जिन्हें इस अदम्य साहस के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। कड़ाके की ठंड और ऊंचाई पर लगभग 120 सैनिकों ने आखिरी गोली तक मोर्चा संभाले रखा और 110 से अधिक जवान शहीद हुए।
इस संघर्ष ने चुशुल क्षेत्र की ओर चीनी सेना की बढ़त को धीमा और बाधित करने में अहम भूमिका निभाई थी। शहीदों की स्मृति में लद्दाख के चुशुल/रेजांग ला क्षेत्र और हरियाणा के रेवाड़ी में युद्ध स्मारक बने हुए हैं।
रजनीश 'रैजी' घई द्वारा निर्देशित ऐतिहासिक युद्ध फिल्म '120 बहादुर' 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांग ला की लड़ाई पर आधारित है। इस फिल्म में फरहान अख्तर ने मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका निभाई थी, जिन्हें उनकी वीरता के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र मिला था। अभिनेता के अलावा, फिल्म में राशि खन्ना, फ्रेड चैन, अंकित सिवाच, स्पर्श वालिया जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आए थे।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

