Samachar Nama
×

जब दारा सिंह ने जवाहरलाल नेहरू को लिखी चिट्ठी, पहलवानों की बदहाली देख उठाई थी आवाज

मुंबई, 18 नवंबर (आईएएनएस)। दारा सिंह ने अपनी ताकत से कुश्ती के अखाड़े में बड़े-बड़े पहलवानों को चुनौती दी, तो वहीं अभिनय से करोड़ों लोगों का दिल जीता। रामानंद सागर के टीवी सीरियल 'रामायण' में हनुमान का किरदार निभाकर वह घर-घर में लोकप्रिय हो गए थे। लेकिन उनकी जिंदगी का एक ऐसा पहलू भी था, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। वह सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि देश के दूसरे पहलवानों के लिए भी आवाज उठाते थे। एक बार वह पहलवानों की सुविधाओं और उनके खान-पान का मुद्दा लेकर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मिलने पहुंच गए थे।

मुंबई, 18 नवंबर (आईएएनएस)। दारा सिंह ने अपनी ताकत से कुश्ती के अखाड़े में बड़े-बड़े पहलवानों को चुनौती दी, तो वहीं अभिनय से करोड़ों लोगों का दिल जीता। रामानंद सागर के टीवी सीरियल 'रामायण' में हनुमान का किरदार निभाकर वह घर-घर में लोकप्रिय हो गए थे। लेकिन उनकी जिंदगी का एक ऐसा पहलू भी था, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। वह सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि देश के दूसरे पहलवानों के लिए भी आवाज उठाते थे। एक बार वह पहलवानों की सुविधाओं और उनके खान-पान का मुद्दा लेकर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मिलने पहुंच गए थे।

दारा सिंह ने खुद एक इंटरव्यू में प्रधानमंत्री से मुलाकात का यह किस्सा सुनाया था। दरअसल, विदेशों में कुश्ती के मुकाबलों में हिस्सा लेने के दौरान उन्होंने देखा था कि वहां पहलवानों की देखभाल के लिए अलग-अलग टीमें और एसोसिएशन मौजूद हैं। ये सभी पहलवानों के खान-पान, ट्रेनिंग और दूसरी जरूरतों का ध्यान रखते थे। इसके उलट भारत में पहलवानों को अपनी जरूरतों का इंतजाम खुद करना पड़ता था। दारा सिंह को यह बात अच्छी नहीं लगी। उनका मानना था कि देश के पहलवानों को भी ऐसी सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इसी सोच के साथ उन्होंने जवाहरलाल नेहरू को एक पत्र लिखा और उनसे मिलने की इच्छा जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने के पीछे तीन वजहें भी बताई थीं। पहली, वह नेहरू से हाथ मिलाना चाहते थे। दूसरी, वह उनके साथ एक तस्वीर खिंचवाना चाहते थे और तीसरी, वह देश के पहलवानों की समस्याओं पर बात करना चाहते थे। दारा सिंह की यह बात सुनकर नेहरू ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने उनसे दूसरे देशों में कुश्ती और वहां के पहलवानों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा।

दारा सिंह ने उन्हें बताया कि विदेशों में पहलवानों के लिए एसोसिएशन होती हैं, उनकी टीमें होती हैं, जो उनकी जरूरतों और डाइट का ध्यान रखती हैं, जबकि भारत में पहलवानों को सब कुछ खुद ही संभालना पड़ता है। इस पर नेहरू ने उन्हें पहलवानों की जरूरतों के लिए एक एसोसिएशन बनाने का सुझाव दिया। दारा सिंह ने इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री को देश में होने वाली कॉमनवेल्थ कुश्ती चैंपियनशिप में शामिल होने का न्योता भी दिया था। हालांकि, नेहरू उस प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सके।

दारा सिंह को बचपन से ही पहलवानी का शौक था। उन्होंने मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। 1968 में उन्होंने अमेरिका के पहलवान लू थेज को हराकर विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीता। उन्हें 'रुस्तम-ए-हिंद' और 'रुस्तम-ए-जमां' जैसे खिताबों से भी नवाजा गया। कुश्ती के बाद दारा सिंह ने फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाई। उन्होंने 'सिकंदर-ए-आजम', 'फौलाद', 'मेरा नाम जोकर', 'धरम-करम', 'मर्द' और 'जब वी मेट' जैसी फिल्मों में काम किया।

1976 में आई फिल्म 'बजरंगबली' में उन्होंने हनुमान का किरदार निभाया था। इसके बाद 1987 में रामानंद सागर के सीरियल 'रामायण' में एक बार फिर हनुमान बनकर दर्शकों के दिलों में बस गए। बाद में बी.आर. चोपड़ा के 'महाभारत' में भी उन्होंने हनुमान की भूमिका निभाई। दारा सिंह ने 500 से ज्यादा पेशेवर कुश्ती मुकाबले लड़े और अभिनय की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई। साल 2003 से 2009 तक वह राज्यसभा के मनोनीत सदस्य भी रहे। 12 जुलाई 2012 को उनका निधन हो गया।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story