Irumudi Box Office: रवि तेजा की फिल्म ने रचा नया रिकॉर्ड, 1.45 करोड़ दर्शकों ने थिएटर में देखी
रवि तेजा की फिल्म 'इरुमुडी' इन दिनों अपनी शानदार बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा में है. फिल्म को रिलीज के बाद दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और अब इसके नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. फिल्म 2026 में थिएटर में सबसे ज्यादा दर्शकों द्वारा देखी जाने वाली तेलुगू फिल्म बन गई है.
1.45 करोड़ दर्शकों तक पहुंची फिल्म
रिपोर्ट के मुताबिक, 21 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'इरुमुडी' को अब तक करीब 1.45 करोड़ फुटफॉल मिल चुके हैं. इसके साथ ही फिल्म ने 2026 में थिएटर में सबसे ज्यादा देखी गई तेलुगू फिल्मों की लिस्ट में पहला स्थान हासिल किया है.
फिल्म ने इस मामले में राम चरण की 'पेद्दी' और चिरंजीवी की 'मन शंकर वारा प्रसाद' जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. फिल्म का थिएट्रिकल रन अब खत्म होने की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इसके आंकड़े लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं.
35 करोड़ के बजट में बनी, कमाए 184 करोड़ से ज्यादा
'इरुमुडी' का बजट करीब 35 करोड़ रुपये बताया गया है. फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग 184.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. वहीं फिल्म की ग्रॉस कमाई करीब 217.36 करोड़ रुपये रही.
ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने लगभग 22.45 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 239.81 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने अपने बजट के मुकाबले करीब 149.2 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया है.
2026 की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्मों में शामिल
कमाई के साथ-साथ मुनाफे के मामले में भी 'इरुमुडी' ने मजबूत प्रदर्शन किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म करीब 426.3 प्रतिशत प्रॉफिट के साथ 2026 की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली तेलुगू फिल्मों में शामिल हो गई है. इस लिस्ट में 'कपल फ्रेंडली' के बाद 'इरुमुडी' को दूसरे स्थान पर बताया जा रहा है.
पिता-बेटी की कहानी ने जीता दर्शकों का दिल
फिल्म की कहानी एक पिता और बेटी के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है. इमोशनल कहानी के साथ एक्शन और ड्रामा का मेल दर्शकों को पसंद आया है. खास तौर पर रवि तेजा की परफॉर्मेंस की चर्चा हो रही है.
'इरुमुडी' में रवि तेजा के साथ प्रिया भवानी शंकर, साई कुमार और बेबी नक्षत्र अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. फिल्म का लेखन और निर्देशन शिवा निर्वाण ने किया है. इसका निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले नवीन यरनेनी और वाई. रवि शंकर ने किया है.
रवि तेजा के लिए 'इरुमुडी' की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि लंबे समय बाद उनकी किसी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर इस स्तर का कारोबार किया है. फिल्म के फुटफॉल और कमाई के आंकड़ों ने इसे 2026 की चर्चित तेलुगू फिल्मों में शामिल कर दिया है.

