Hollywood Actor Death: 43 साल की उम्र में क्रिश्चियन कजिन्स का निधन, ‘किंडरगार्टन कॉप’ से मिली थी पहचान
हॉलीवुड के पूर्व बाल कलाकार और टीवी-फिल्म अभिनेता क्रिश्चियन कजिन्स का 43 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘किंडरगार्टन कॉप’ में अर्नोल्ड श्वार्जनेगर के साथ काम करने के लिए खास तौर पर याद किया जाता है। इस फिल्म में उनके जुड़वां भाई जोसेफ कजिन्स भी नजर आए थे।
क्रिश्चियन ने महज पांच साल की उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया, लेकिन 1995 के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली और निजी जिंदगी को प्राथमिकता देने लगे।
सौतेले भाई ने सोशल मीडिया पर दी निधन की जानकारी
क्रिश्चियन के निधन की खबर उनके सौतेले भाई जोनास रोएसर ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने बताया कि क्रिश्चियन और उनके जुड़वां भाई जोसेफ उनके पिता की ओर से भाई थे। जोनास ने लिखा कि कॉलेज जाने तक उनकी क्रिश्चियन से मुलाकात नहीं हुई थी। इससे पहले वह उन्हें टीवी शो ‘नॉट्स लैंडिंग’ और फिल्म ‘किंडरगार्टन कॉप’ में देख चुके थे।
जोनास ने अपने पोस्ट में क्रिश्चियन को जोश और ऊर्जा से भरपूर इंसान बताया। उन्होंने लिखा कि क्रिश्चियन के पास बताने के लिए बहुत सी कहानियां और बड़े सपने थे। उनके जाने से परिवार को गहरा दुख पहुंचा है।
लिवर की बीमारी से थे परेशान
जोनास के मुताबिक, क्रिश्चियन का निधन 22 अक्टूबर को हुआ था। वह लंबे समय से लिवर की बीमारी से जूझ रहे थे। अपने भाई को याद करते हुए जोनास ने लिखा कि उन्हें इस बात से सुकून मिलता है कि अब क्रिश्चियन दर्द से मुक्त हैं। उन्होंने भावुक संदेश में कहा कि भाई की कमी हमेशा महसूस होगी।
इस पोस्ट के साथ जोनास ने क्रिश्चियन की दो तस्वीरें भी साझा कीं। इनमें एक उनकी सेल्फी थी, जबकि दूसरी तस्वीर में क्रिश्चियन अपने जुड़वां भाई जोसेफ के साथ बचपन में दिखाई दे रहे थे।
पांच साल की उम्र में शुरू किया था एक्टिंग करियर
क्रिश्चियन कजिन्स का जन्म मार्च 1983 में कैलिफोर्निया के ऑरेंज काउंटी में अपने जुड़वां भाई जोसेफ के साथ हुआ था। दोनों भाइयों ने करीब पांच साल की उम्र में टीवी शो ‘हाईवे टू हेवन’ के एक एपिसोड से अभिनय की शुरुआत की थी।
इसके बाद क्रिश्चियन ने ‘फादर डाउलिंग मिस्ट्रीज’, ‘एम्प्टी नेस्ट’, ‘क्रिटर्स 3’ और ‘ईरी, इंडियाना’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया। साल 1990 की फिल्म ‘किंडरगार्टन कॉप’ में डोमिनिक का किरदार निभाकर उन्हें पहचान मिली। उनकी आखिरी फिल्म ‘ट्विन सिटर्स’ साल 1995 में रिलीज हुई थी। इसके बाद उन्होंने मनोरंजन जगत से दूरी बना ली और शांत जीवन बिताने लगे।

