Samachar Nama
×

'पापा, आप बुरा आदमी कैसे बन सकते हैं', 'रामायण' में रावण का किरदार निभाने पर बेटे ने यश से पूछा सवाल

मुंबई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। साउथ के सुपरस्टार यश इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह रावण का किरदार निभा रहे हैं। इस बीच एक्टर ने फिल्म की तैयारी के दौरान अपने बेटे के साथ हुई एक दिलचस्प बातचीत का खुलासा किया।

मुंबई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। साउथ के सुपरस्टार यश इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह रावण का किरदार निभा रहे हैं। इस बीच एक्टर ने फिल्म की तैयारी के दौरान अपने बेटे के साथ हुई एक दिलचस्प बातचीत का खुलासा किया।

यश ने बताया कि जब उनके बेटे को पता चला कि उनके पिता भगवान राम नहीं बल्कि रावण का किरदार निभाने वाले हैं, तो वह हैरान रह गया। बेटे के लिए यह समझना मुश्किल था कि उसके पिता कहानी में विलेन की भूमिका कैसे निभा सकते हैं।

यश ने बताया कि उनका बेटा जानता है कि उसके पिता कौन हैं लेकिन जब उसे रामायण की कहानी के बारे में पता चला तो वह काफी चौंक गया। बेटे ने उनसे कहा, 'नहीं, आप तो बुरे आदमी हैं। आप ऐसा कैसे कर सकते हैं?' इस पर यश ने उन्हें समझाया कि कहानी को सही तरीके से समझने के लिए उसके हर किरदार को दिखाना जरूरी है।

यश ने कहा, ''मुझे अपने बेटे को बैठाकर समझाना पड़ा कि इस कहानी में भगवान राम वह मुख्य किरदार हैं, जिन्हें आपको अपना आदर्श मानना चाहिए। हर किसी को राम के रास्ते पर चलना चाहिए। रावण भले ही शक्तिशाली और प्रभावशाली नजर आए लेकिन जिंदगी में सच्ची और स्थायी जीत तभी मिलती है, जब आप राम की तरह धर्म और सही रास्ते पर चलते हैं। मैंने उससे कहा कि थिएटर में तुम एक एक्टर के तौर पर मेरे लिए तालियां बजा सकते हो लेकिन मेरे किरदार को अपना आदर्श मत समझना।''

यश ने बताया कि इसके बाद बेटे ने उनसे एक और सवाल किया, जिसने उन्हें मुश्किल में डाल दिया। बेटे ने पूछा कि क्या कहानी के आखिर में रावण हार जाता है और उसकी मौत हो जाती है?

यश ने कहा, ''बेटे ने पूछा, 'क्या फिल्म के आखिर में आपकी मौत हो जाती है? क्या आप हार जाते हैं?' यह सवाल मेरे लिए थोड़ा मुश्किल था। जब मैंने इस फिल्म को साइन किया था, तब मेरे दिमाग में सिर्फ यह था कि मैं अपने दर्शकों को एक शानदार परफॉर्मेंस दूं। मैंने सोचा भी नहीं था कि मुझे अपने बेटे के ऐसे सवालों का सामना करना पड़ेगा। उसे यह समझाना कि एक्टर और उसके निभाए किरदार में फर्क होता है, मेरे लिए एक अलग ही अनुभव था।''

बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' भारतीय महाकाव्य पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी चर्चा है। फिल्म में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, सीता के रूप में साई पल्लवी और रावण के रूप में यश शामिल हैं। इनके अलावा, सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय और अनुपम खेर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।

'रामायण' दो पार्ट में रिलीज होगी। पहला पार्ट इसी साल 5 नवंबर को रिलीज होगा। वहीं, दूसरा पार्ट अगले साल दीपावली पर रिलीज होगा।

--आईएएनएस

पीके/पीएम

Share this story