'मेरा बेटा लड़कियों के पीछे घूमे', आर्यन को लेकर शाहरुख खान की थी ऐसी ख्वाहिश
मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। शाहरुख खान पर्दे पर भले ही रोमांस के बादशाह कहलाते हों लेकिन अपने बच्चों को लेकर उनका अंदाज हमेशा से थोड़ा अलग रहा है, खासकर बड़े बेटे आर्यन खान को लेकर। शाहरुख ने बताया कि वह कभी नहीं चाहते थे कि आर्यन बहुत सीधा-सादा और आज्ञाकारी लड़का बने। वह चाहते थे कि उनका बेटा ऐसा हो कि उसकी शरारतों से लोग परेशान होकर उनसे शिकायत करने पहुंचें। ये बातें उन्होंने सिमी ग्रेवाल के चैट शो में कही थीं।
दरअसल, शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी खान के साथ मशहूर चैट शो 'रेंडेजवस विद सिमी ग्रेवाल' में पहुंचे थे। बातचीत के दौरान जब बच्चों की परवरिश का जिक्र हुआ, तो शाहरुख ने बताया कि वह आर्यन को खूब बिगाड़ना चाहते थे। उनकी इच्छा थी कि आर्यन ऐसा लड़का बने, जिसकी हरकतों की शिकायत लेकर लोग उनके पास आएं।
शाहरुख ने शो में कहा, ''मैं चाहता था कि आर्यन पूरी तरह बिगड़ा हुआ लड़का बने। मैंने अपनी सभी हीरोइनों से भी कह रखा है कि अगर उनकी बेटियां हैं, तो आर्यन उनके पीछे घूमेगा। मैं चाहता था कि हर दिन कोई न कोई मेरे पास शिकायत लेकर आए और कहे कि अपने बेटे को हमारे घर से दूर रखिए।''
किंग खान ने आर्यन के लुक को लेकर भी अपनी पसंद बताई थी। उन्होंने कहा, ''मैं चाहता था कि मेरा बेटा लंबे बाल रखे, कानों में स्टड पहने और हार्ले डेविडसन की जैकेट पहने। उसका अंदाज कूल होना चाहिए और वह ऐसा प्लेबॉय बने, जो लड़कियों के पीछे घूमता रहे। मैं अपने बेटे को बहुत ज्यादा बिगड़ा हुआ देखना चाहता था।''
शो की होस्ट सिमी ग्रेवाल ने जब शाहरुख से पूछा कि क्या आर्यन भी अपने पिता की तरह अभिनेता बनेंगे, तो उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया, ''हां, बिल्कुल। यह उन बुरी चीजों में से एक है, जो उसे करनी ही पड़ेगी।'' शाहरुख का यह जवाब सुनकर शो में मौजूद गौरी और सिमी भी मुस्कुरा उठीं।
हालांकि, वक्त के साथ आर्यन खान ने अपने पिता की तरह अभिनय की राह नहीं चुनी। उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में कदम तो रखा लेकिन कैमरे के सामने अभिनेता बनने के बजाय पर्दे के पीछे रहकर कहानी लिखने और निर्देशन करने का फैसला किया।
आर्यन ने वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के साथ बतौर लेखक और निर्देशक अपनी शुरुआत की। इस सीरीज को उनकी मां गौरी खान ने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया। यह सीरीज 18 सितंबर 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।
--आईएएनएस
पीके/पीएम

