Samachar Nama
×

‘शक: ट्रस्ट नो वन’ के निर्देशक रेंसिल डिसिल्वा कलाकारों को नहीं देते जरूरत से ज्यादा निर्देश: ताहिर राज भसीन

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता ताहिर राज भसीन इन दिनों हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ में अपने अभिनय को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं बटोर रहे हैं। इस बीच अभिनेता ने सीरीज के निर्देशक रेंसिल डिसिल्वा के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि अपनी कहानियों में गहनता और रोमांच लाने के लिए पहचाने जाने वाले रेंसिल वास्तविक जीवन में बेहद शांत स्वभाव के हैं।

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता ताहिर राज भसीन इन दिनों हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ में अपने अभिनय को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं बटोर रहे हैं। इस बीच अभिनेता ने सीरीज के निर्देशक रेंसिल डिसिल्वा के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि अपनी कहानियों में गहनता और रोमांच लाने के लिए पहचाने जाने वाले रेंसिल वास्तविक जीवन में बेहद शांत स्वभाव के हैं।

ताहिर ने शहर में सीरीज के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से बातचीत की। इस दौरान उनके साथ सह-कलाकार परिणीति चोपड़ा और सोनी राजदान भी मौजूद थीं।

निर्देशक के साथ काम करने के अनुभव पर बात करते हुए ताहिर ने कहा, “उनके साथ काम करने की खूबसूरती यह है कि जिसने भी उनके साथ काम किया है, वह बताएगा कि वह बेहद शांत और सहज स्वभाव के व्यक्ति हैं। रेंसिल डिसिल्वा खुद बिल्कुल भी गंभीर या तनावपूर्ण व्यक्तित्व वाले इंसान नहीं हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे उनके काम की जो बात सबसे ज्यादा पसंद है, वह है कई महत्वपूर्ण किरदारों को एक साथ गढ़ने की उनकी क्षमता। हम ‘रंग दे बसंती’ के बारे में बात कर रहे थे। यह फिल्म मेरी पीढ़ी के लिए एक कल्ट फिल्म है। मुझे इस सीरीज की लेखन शैली में भी वैसी ही खूबी महसूस हुई, जहां हर किरदार की अपनी एक यात्रा है।”

अभिनेता ने सीरीज की कहानी कहने के तरीके की भी तारीफ की। उनके मुताबिक, जैसे-जैसे दर्शक कहानी के साथ आगे बढ़ते हैं, उन्हें एहसास होता है कि यह अन्य मिस्ट्री थ्रिलर से अलग है। इसमें कहानी को अलग-अलग किरदारों के नजरिए से दिखाया गया है, जिससे दर्शकों को घटनाओं की कड़ियां जोड़ने और रहस्य सुलझाने का मौका मिलता है।

ताहिर ने कहा, “जैसे-जैसे आप सीरीज देखते हैं, आपको एहसास होता है कि यह दूसरी मिस्ट्री थ्रिलर से अलग है। इसमें आपको अलग-अलग नजरिए देखने को मिलते हैं। यही बात दर्शकों के लिए इसे दिलचस्प बनाती है, क्योंकि वे खुद पहेली के टुकड़ों को जोड़ रहे होते हैं।”

निर्देशक की कार्यशैली के बारे में उन्होंने कहा कि रेंसिल कलाकारों को हर छोटी-बड़ी बात के लिए निर्देश देने या उनके काम को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं करते। वह केवल यह बताते हैं कि किसी दृश्य में कलाकार से क्या अपेक्षित है, जबकि बाकी चीजें अभिनेता की समझ और अभिनय क्षमता पर छोड़ देते हैं।

ताहिर के अनुसार, कलाकारों को इस तरह की स्वतंत्रता मिलने से उन्हें अपने किरदार को समझने और उसे अपने तरीके से पर्दे पर उतारने का अवसर मिलता है।

‘शक: ट्रस्ट नो वन’ भरोसे, संदेह और विश्वासघात की नाजुक प्रकृति पर आधारित एक रहस्यपूर्ण कहानी है। सीरीज में एक ऐसी मां की कहानी दिखाई गई है, जो अपने लापता बच्चे की तलाश में नौ साल से जुटी हुई है। उसे हर साल बच्चे की तस्वीरें मिलती हैं, लेकिन इसके बावजूद वह अपने बच्चे के बारे में सच्चाई जानने के लिए बेचैन रहती है।

जैसे-जैसे वह अपनी जांच आगे बढ़ाती है, उसे पता चलता है कि बच्चे के अपहरण के पीछे का सच उसके अपने करीबी लोगों के बीच छिपा हो सकता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ रिश्तों, भरोसे और संदेह की कई परतें सामने आती हैं।

इस सीरीज का निर्देशन रेंसिल डिसिल्वा ने किया है, जबकि इसकी परिकल्पना रेंसिल डिसिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने की है। इसमें ताहिर राज भसीन, परिणीति चोपड़ा और सोनी राजदान के अलावा जेनिफर विंगेट, अनूप सोनी, हरलीन सेठी और सुमीत व्यास भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story