'हर दिन साथ होने पर खुद को खुशकिस्मत मानता हूं', पत्नी जेनिफर के लिए सिल्वेस्टर स्टेलोन ने जताया प्यार
मुंबई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेता सिल्वेस्टर स्टेलोन ने अपनी पत्नी जेनिफर फ्लेविन के लिए एक खास पोस्ट शेयर किया है। अभिनेता ने पत्नी के प्रति प्यार जताते हुए कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि जेनिफर हर दिन उनके साथ हैं।
स्टेलोन ने इंस्टाग्राम पर जेनिफर के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं कि जेनिफर हर दिन मेरे साथ हैं।"
स्टेलोन की इस पोस्ट को उनके फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
स्टेलोन ने मई 1997 में जेनिफर फ्लेविन से शादी की थी। दोनों की तीन बेटियां हैं, जिनके नाम सोफिया, सिस्टीन और स्कारलेट हैं।
स्टेलोन इन दिनों अपने चर्चित प्रोजेक्ट 'फ्रिस्को किंग' को लेकर चर्चा में हैं। यह प्रोजेक्ट उनकी लोकप्रिय सीरीज 'तुल्सा किंग' से जुड़ा हुआ है।
दरअसल, 'तुल्सा किंग' का पहला सीजन साल 2022 में रिलीज हुआ था। इस सीरीज में स्टेलोन ने ड्वाइट 'द जनरल' मैनफ्रेडी का किरदार निभाया है। कहानी न्यूयॉर्क के एक माफिया सरगना की है, जो जेल से रिहा होने के बाद ओक्लाहोमा के तुल्सा शहर भेज दिया जाता है। वहां वह अपना आपराधिक नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश करता है।
सीरीज की लोकप्रियता को देखते हुए इसका चौथा सीजन लाया गया है। इसके साथ ही इसका स्पिन-ऑफ शो 'फ्रिस्को किंग' भी बनाया जा रहा है, जिसमें सैमुअल एल. जैक्सन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
स्टेलोन ने साल 1970 में फिल्म 'द पार्टी एट किट्टी एंड स्टड्स' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। साल 1974 में आई फिल्म 'द लॉर्ड्स ऑफ फ्लैटबुश' में मुख्य भूमिका निभाने के बाद उन्हें सिनेमा में पहचान मिलने लगी। इसके बाद साल 1976 में उन्होंने फिल्म 'रॉकी' की कहानी लिखी और इसमें मुख्य भूमिका भी निभाई। यह फिल्म उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुई और उन्होंने दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बना ली।
स्टेलोन ने 'रॉकी' के बाद 'फर्स्ट ब्लड' में जॉन रैम्बो का किरदार निभाया। इस फिल्म में उन्होंने एक ऐसे सैनिक की भूमिका निभाई थी, जो युद्ध के बाद मानसिक तनाव से जूझ रहा होता है। रैम्बो का यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि स्टेलोन ने पांच फिल्मों में इसे निभाया।
1980 से लेकर 1990 के दशक तक स्टेलोन हॉलीवुड के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेताओं में शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने 'कोबरा', 'टैंगो एंड कैश', 'क्लिफहैंगर', 'डिमोलिशन मैन' और 'द स्पेशलिस्ट' जैसी कई एक्शन फिल्मों में काम किया।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम

