अक्षय खन्ना को जो सफलता मिली, उससे भी कहीं ज्यादा के हकदार हैं : सनी देओल
मुंबई, 29 जून (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता सनी देओल ने फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद, कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'इक्का' में अक्षय खन्ना के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा किया।
'इक्का' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सनी ने कहा कि अक्षय को जो भी सफलता मिल रही है, वे उसके हकदार हैं और उन्हें इससे भी कहीं ज्यादा सफलता मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि सही समय आ गया है। जैसा मैं कह रहा था, समय का कुछ पता नहीं होता, इसलिए बस काम करते रहो, कभी हार मत मानो, बस करते रहो। मुझे लगता है कि अक्षय यही कर रहे थे। अब सही समय आया है और वे कामयाबी की ऊंचाइयां छू रहे हैं, तो वे इसके हकदार हैं।"
फिल्म बॉर्डर का जिक्र करते हुए सनी ने यह भी याद किया कि कैसे उन्होंने और अक्षय ने शूटिंग के दौरान एक-दूसरे के साथ बहुत अच्छी बॉन्डिंग बनाई थी।
सनी ने कहा कि मैं अक्षय के लिए बहुत खुश हूं। हम दोनों ने पहले साथ में फिल्म 'बॉर्डर' की थी। वह मेरे साथ पहली बार काम कर रहे थे। हमारी अच्छी दोस्ती हो गई थी क्योंकि वे विनोद जी के बेटे हैं। इतने सालों बाद मैं उनसे मिला। असल में, उसके पहले हम कभी मिले भी नहीं थे। लंबे समय के बाद मिलना बहुत अच्छा लगा। ऐसा महसूस हुआ जैसे पुराने दिनों में वापस चले गए हों। वे बहुत अच्छे इंसान हैं।
'इक्का' के बारे में बात करते हुए सनी ने कहा, "इक्का सिर्फ एक कोर्टरूम ड्रामा नहीं है। यह परिवार, रिश्तों और जिंदगी से जुड़े मुश्किल फैसलों की कहानी है। अर्जुन एक ऐसा व्यक्ति है, जो सही काम करने में विश्वास रखता है, लेकिन हालात उसे अपने आसपास की हर चीज पर सवाल उठाने के लिए मजबूर कर देते हैं। उसका दर्द, उसका गुस्सा, उसकी खामोशी और जिस चीज में वह विश्वास करता है, उसके लिए उसकी लड़ाई, इन्हीं बातों ने मुझे इस किरदार की ओर आकर्षित किया।"
उन्होंने कहा कि यह फिल्म इसलिए भी बहुत खास है क्योंकि यह मेरी पहली 'डायरेक्ट-टू-स्ट्रीमिंग' रिलीज है। मुझे खुशी है कि नेटफ्लिक्स के जरिए भारत और दुनिया भर के दर्शक 'इक्का' का अनुभव कर सकेंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

