अप्रैल फूल डे : शरद केलकर ने बताया कैसे छोटे प्रैंक बनाते हैं काम के माहौल को पॉजिटिव
मुंबई, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता शरद केलकर ने सशक्त किरदारों के चलते दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। लेकिन उनमें एक गंभीर कलाकार की छवि के पीछे एक मजाकिया और शरारती व्यक्तित्व भी छुपा हुआ है, जिसका खुलासा उन्होंने अप्रैल फूल डे के मौके पर किया। आईएएनएस संग बातचीत में शरद ने बताया कि असल जिंदगी में वह काफी मस्ती करने वाले इंसान हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए शरद ने कहा, "लोग मुझे देखकर अक्सर यही मान लेते हैं कि मैं हर समय बहुत गंभीर रहता हूं, लेकिन यह पूरी तरह सच नहीं है। काम के दौरान मैं अपने किरदार को लेकर बेहद फोकस्ड और प्रोफेशनल रहता हूं, लेकिन जैसे ही कैमरा बंद होता है, मेरा एक अलग ही रूप सामने आता है। मैं अपने करीबी दोस्तों और परिवार पर अक्सर प्रैंक करता रहता हूं।"
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया, ''पिछले कुछ सालों में मैंने कई बार अपने दोस्तों और घरवालों के साथ ऐसे मजेदार प्रैंक किए हैं, जिनकी याद आज भी मुझे हंसा देती है। जब सामने वाले की अचानक प्रतिक्रिया देखने को मिलती है, तो वह पल बहुत खास होता है। मैंने कभी भी ऐसा कोई प्रैंक नहीं किया, जिससे किसी की भावना को ठेस न पहुंचे।''
शरद ने कहा, ''शूटिंग सेट पर भी मैं इसी तरह का माहौल बनाए रखने की कोशिश करता हूं। मेरा मानना है कि टीवी शो की शूटिंग में कलाकारों और टीम को कई-कई घंटों तक साथ काम करना पड़ता है, ऐसे में अगर माहौल बहुत ज्यादा गंभीर हो जाए तो थकान और तनाव बढ़ सकता है। इसलिए मैं बीच-बीच में हल्के-फुल्के मजाक से सकारात्मकता बनाए रखता हूं। ऐसे छोटे-छोटे पल ही टीम के बीच बेहतर तालमेल और दोस्ती को मजबूत करते हैं।''
शरद ने आगे कहा, ''अप्रैल फूल डे सिर्फ एक दिन नहीं है, बल्कि यह हमें याद दिलाता है कि जिंदगी में हंसी और मस्ती कितनी जरूरी है। अगर मजाक दिल से और अच्छे इरादे से किया जाए, तो यह हर दिन का हिस्सा होना चाहिए।''
--आईएएनएस
पीके/एएस

