Samachar Nama
×

‘चुंबक’ के निर्देशक आतिश कपाड़िया का पहला नैरेशन याद कर बोलीं संदीपा धर, 'उन्होंने हर किरदार को खुद निभाकर सुनाया था'

मुंबई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री संदीपा धर हाल ही में रिलीज हुई ओटीटी सीरीज ‘चुंबक’ में अपने अभिनय को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से खुश हैं। उन्होंने सीरीज के निर्देशक आतिश कपाड़िया से हुई पहली मुलाकात और उनके द्वारा दिए गए पहले नैरेशन को याद करते हुए कहा कि वह अनुभव उनके लिए बेहद खास था।

मुंबई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री संदीपा धर हाल ही में रिलीज हुई ओटीटी सीरीज ‘चुंबक’ में अपने अभिनय को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से खुश हैं। उन्होंने सीरीज के निर्देशक आतिश कपाड़िया से हुई पहली मुलाकात और उनके द्वारा दिए गए पहले नैरेशन को याद करते हुए कहा कि वह अनुभव उनके लिए बेहद खास था।

मुंबई के बीकेसी इलाके में सीरीज के प्रमोशन के दौरान संदीपा धर ने सुमीत व्यास, सुमीत राघवन, नीना गुप्ता और मानसी पारेख के साथ आईएएनएस से बातचीत की।

पहले नैरेशन को याद करते हुए संदीपा ने बताया कि आतिश कपाड़िया ने कहानी सुनाते समय सीरीज के सभी किरदार खुद निभाकर दिखाए थे। उन्होंने कहा कि आतिश एक किरदार से दूसरे किरदार में जाते समय अपनी आवाज, बोलने का अंदाज और हावभाव तक बदल रहे थे।

संदीपा ने कहा, "मेरे लिए यह बहुत हैरान करने वाला था। जब उन्होंने मुझे कहानी सुनाई, तो उन्होंने सभी किरदार निभाए। एक किरदार से दूसरे किरदार में जाते समय उनकी आवाज और टोन पूरी तरह बदल जाती थी। उन्होंने हर किरदार के हावभाव भी किए। करीब पांच मिनट में उन्होंने सब कुछ करके दिखा दिया।"

उन्होंने आगे कहा, "उन्होंने बैकग्राउंड म्यूजिक तक तैयार कर रखा था। उन्होंने हर किरदार किया और मैं बस उन्हें देख रही थी और सोच रही थी कि हे भगवान, ये इंसान कौन हैं?"

संदीपा ने बताया कि इससे पहले उन्होंने आतिश कपाड़िया के साथ काम नहीं किया था। उन्होंने कहा कि सिर्फ उनका नैरेशन सुनकर ही उनके मन में उनके साथ काम करने और उनसे सीखने की इच्छा पैदा हो गई थी।

अभिनेत्री ने कहा कि स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद उनकी उत्सुकता और बढ़ गई। उन्होंने कहा, "जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी तो मैं बस हंसती रह गई। यह बहुत मजेदार थी। मुझे लगता है कि इसमें आतिश कपाड़िया की बुद्धिमत्ता, हास्य और उनकी पूरी रचनात्मक शैली की झलक मिलती है।"

संदीपा ने कहा कि उन्हें सीरीज में कोई भी भूमिका मिलती, वह उसे करने के लिए तैयार रहतीं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हर अभिनेता का सपना होता है कि वह इस तरह के सेटअप में काम करे। अगर मुझे किरन का किरदार नहीं भी मिलता और कोई दूसरा रोल दिया जाता, तब भी मैं उसे करती। यह अनुभव शानदार था।"

‘चुंबक’ में संदीपा धर के साथ सुमीत व्यास, सुमीत राघवन, नीना गुप्ता और मानसी पारेख भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story