Samachar Nama
×

रोहित शर्मा के लिए आज भी खास है 264 रनों की पारी, बोले- 'उस दिन के हालात याद कर आज भी हो जाता हूं हैरान'

मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा के करियर में कई ऐसे पल रहे हैं, जिन्हें वह कभी नहीं भूल सकते। इनमें साल 2007 में भारत का टी20 विश्व कप जीतना और वनडे क्रिकेट में उनकी ऐतिहासिक 264 रनों की पारी शामिल है। रोहित का कहना है कि उनके लिए विश्व कप जीतने के सभी पल खास हैं, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की पारी उनके दिल में हमेशा एक अलग जगह रखेगी।

मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा के करियर में कई ऐसे पल रहे हैं, जिन्हें वह कभी नहीं भूल सकते। इनमें साल 2007 में भारत का टी20 विश्व कप जीतना और वनडे क्रिकेट में उनकी ऐतिहासिक 264 रनों की पारी शामिल है। रोहित का कहना है कि उनके लिए विश्व कप जीतने के सभी पल खास हैं, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की पारी उनके दिल में हमेशा एक अलग जगह रखेगी।

रोहित शर्मा की यह बात सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होने वाले शो 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' में कही।

रोहित ने अपने क्रिकेट सफर के यादगार पलों के बारे में बात करते हुए कहा, ''मेरे क्रिकेट करियर में बहुत सारे यादगार पल रहे हैं। 264 रन की पारी तो है ही। दरअसल, साल 2007 में मैंने डेब्यू किया था और उसी साल हमने टी20 विश्व कप भी जीता था। विश्व कप जीतना यादगार रहा। हमने जितने भी विश्व कप जीते हैं और जिन-जिन विश्व कप का मैं हिस्सा रहा हूं, वे सभी मेरे लिए खास हैं।''

रोहित ने बताया कि 264 रनों की पारी वाले मैच से पहले कई ऐसी चीजें हुई थीं, जिन्हें याद करने के बाद हैरानी होती है कि आखिर उन्होंने इतनी बड़ी पारी कैसे खेल दी।

उन्होंने कहा, ''पर्सनली स्कोर और इंडिविजुअल स्कोर तो बनते रहते हैं, लेकिन 264 रन की पारी मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा। इसकी वजह यह है कि जिन हालात में मैंने वे 264 रन बनाए थे, वे मेरे लिए काफी यादगार हैं। उस मैच को खेलने और रन बनाने से पहले जो कुछ भी हो रहा था, अगर मैं उन सभी बातों को याद करूं और उसके बाद कोई मुझसे कहे कि भाई, आज तुमने 264 रन बना दिए तो मैं पागल हो जाऊंगा।''

रोहित ने कहा कि इतनी बड़ी पारियां आसानी से नहीं बनतीं। इसके पीछे काफी मेहनत, धैर्य और कई तरह की चुनौतियां होती हैं। उन्होंने कहा, ''जब आप इतने बड़े स्कोर बनाते हैं तो वे चीजें हमेशा याद रहती हैं। 100 रन का आंकड़ा पार करना ही काफी मुश्किल होता है, लेकिन 250 रन तक पहुंचना उससे भी ज्यादा कठिन है।''

इस बातचीत के दौरान रोहित ने अपने क्रिकेट करियर के अच्छे और बुरे दौर पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ''मैं कई मायनों में खुद को खुशकिस्मत मानता हूं और इस बात के लिए शुक्रगुजार हूं कि मैंने अपने क्रिकेट करियर में बहुत अच्छे दिन देखे हैं। लेकिन इसके साथ ही बुरे दिन भी देखे हैं। जैसा कि मैंने अभी कहा कि जब तक आप नहीं गिरेंगे, तब तक ऊपर नहीं उठ पाएंगे। मुझे लगता है कि मैं अपनी जिंदगी में ज्यादा बार गिरा हूं।''

उन्होंने कहा, ''अगर मैं अपनी सफलता और असफलताओं की तुलना करूं, तो जितना सफल हुआ हूं, उससे कहीं ज्यादा बार असफल हुआ हूं। मुझे लगता है कि उन्हीं मुश्किलों और असफलताओं की वजह से मुझे सफलता मिली है।''

--आईएएनएस

पीके/वीसी

Share this story