'राजा शिवाजी' की सफलता के बाद पुणे के प्रसिद्ध गणपति मंदिर पहुंचे रितेश देशमुख, बोले– 10 साल की मेहनत का मिला फल
मुंबई, 3 मई (आईएएनएस)। अभिनेता रितेश देशमुख ने अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'राजा शिवाजी' की शानदार सफलता के बाद भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। वह दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर फिल्म की सफलता के लिए भगवान का धन्यवाद किया।
रितेश देशमुख ने मंदिर में दर्शन करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, ''यह मंदिर पावन जगह है। जब भी मुझे मौका मिलता है, मैं यहां जरूर आता हूं। मेरे पिता विलासराव देशमुख भी हर साल इस मंदिर में दर्शन करने आया करते थे।''
रितेश देशमुख ने अपनी फिल्म 'राजा शिवाजी' के बारे में बात करते हुए कहा, ''यह फिल्म मेरे दिल के बेहद करीब है। यह फिल्म मेरे लिए सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक भावनात्मक यात्रा रही है। फिल्म महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता, संघर्ष और साहस पर आधारित है, इसलिए इसे बनाने में पूरी टीम ने बहुत मेहनत और समर्पण के साथ काम किया।''
रितेश देशमुख ने खुलासा किया कि इस फिल्म को बनाने का सपना पिछले 10 साल से उनके साथ था। उन्होंने कहा, ''इतने लंबे समय तक इस फिल्म पर काम करना आसान नहीं था। खास तौर पर पिछले साढ़े तीन साल में लगातार मेहनत की गई, ताकि फिल्म को शानदार तरीके से दर्शकों के सामने पेश किया जा सके। अब जब दर्शक फिल्म को इतना प्यार दे रहे हैं, तो मुझे बेहद खुशी महसूस हो रही है।''
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद नहीं थी कि फिल्म को इतनी बड़ी प्रतिक्रिया मिलेगी। जिस तरह लोग सिनेमाघरों में पहुंचकर फिल्म देख रहे हैं और अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं, उसे देखकर मैं बहुत भावुक हूं। दर्शकों का यह प्यार मेरे लिए किसी बड़े पुरस्कार से कम नहीं है और मैं दिल से सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं।"
मंदिर जाने से पहले रितेश देशमुख अपने गृह नगर लातूर भी पहुंचे थे। वहां लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। अपने शहर में लोगों से मिले प्यार को देखकर अभिनेता काफी खुश नजर आए। इसके अलावा कुछ समय पहले रितेश पत्नी जेनेलिया देशमुख के साथ भी छत्रपति शिवाजी महाराज मंदिर पहुंचे थे, जहां दोनों ने आशीर्वाद लिया था।
--आईएएनएस
पीके/वीसी

