रवि किशन ने शो 'अलायंस' को कहा अलविदा, बोले- 'ड्यूटी पूरी हुई, अब गोरखपुर लौट रहा हूं'
मुंबई, 1 जुलाई (आईएएनएस)। रियलिटी शो 'अलायंस' से अभिनेता और राजनेता रवि किशन की विदाई के बाद सेट पर भावुक माहौल बन गया। उनके जाते ही कई कंटेस्टेंट्स की आंखें नम हो गईं। शो के दौरान रवि किशन ने 'रवि की हिंदी पाठशाला' सेगमेंट से दर्शकों का भी ध्यान अपनी और खींचा।
विदाई के समय रवि किशन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, ''मुझे शो में बहुत प्यार और सम्मान मिला है। मैंने अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाई है और अब मेरे लिए वापस अपने जीवन और जिम्मेदारियों की ओर लौटने का समय आ गया है। जनता के वोट ने मुझे एक नया संदेश दिया है, और अब मैं गोरखपुर लौट रहा हूं, जहां मेरा घर है।''
शो के कंटेस्टेंट निखिल चिनापा ने कहा कि मैंने रवि किशन से बहुत कुछ सीखा है। उनकी बातों और अनुभवों ने मुझे कई बार नई सोच दी। वहीं अरमान खेड़ा भी इतने भावुक हो गए कि उन्होंने अपनी कमाई तक रवि किशन को सौंप दी और रो पड़े। पायल गेमिंग ने कहा कि हमें रवि किशन की मौजूदगी बहुत याद आएगी।
होस्ट कुणाल खेमू ने भी रवि किशन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ''उनकी एनर्जी और बातचीत का तरीका सभी को एक अलग ही दुनिया में ले जाता था। शो के पहले दिन से ही रवि ने सभी पर गहरी छाप छोड़ी थी।''
पहले बदलाव के बाद, रवि किशन, वंशज सिंह, पायल गेमिंग और अरमान खेरा किंग्स बन गए। डॉली जावेद, डेलबर आर्य, सबी सूरी और रिव्वा किशन हंटर्स में शामिल हो गए। कुशाल टंडन, डेजी शाह, रूही दोसानी और निखिल चिनापा ने वॉरियर्स बनाया, जबकि नीति टेलर, मिनी माथुर, अर्सलान गोनी और जैद दरबार लेजेंड्स बन गए।
इस शो को कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं और यह प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम करने के लिए उपलब्ध है।
--आईएएनएस
पीके/पीएम

