Samachar Nama
×

के. भाग्यराज के निधन पर राधिका सरतकुमार का भावुक पोस्ट, अंतिम दर्शन के दौरान भीड़ और अव्यवस्था पर उठाए सवाल

चेन्नई, 29 जून (आईएएनएस)। मशहूर अभिनेत्री और निर्माता राधिका सरतकुमार ने दिग्गज निर्देशक और लेखक के. भाग्यराज के निधन पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। राधिका ने उनके साथ अपने 50 साल पुराने रिश्ते को याद करते हुए उन्हें बेहद खास दोस्त बताया।

चेन्नई, 29 जून (आईएएनएस)। मशहूर अभिनेत्री और निर्माता राधिका सरतकुमार ने दिग्गज निर्देशक और लेखक के. भाग्यराज के निधन पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। राधिका ने उनके साथ अपने 50 साल पुराने रिश्ते को याद करते हुए उन्हें बेहद खास दोस्त बताया।

राधिका सरतकुमार ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''के. भाग्यराज सिर्फ एक निर्देशक या लेखक नहीं थे, बल्कि हमारे जीवन का एक बहुत अहम हिस्सा थे। उनके साथ बिताए 50 सालों में कई यादगार पल, काम के अनुभव और हंसी-खुशी की यादें जुड़ी हुई हैं। वह हमेशा हमारे परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहे और अपने स्वभाव से हर किसी का दिल जीता।''

उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "यह विदाई परिवार, करीबियों, पूरे फिल्म जगत और प्रशंसकों के लिए बेहद पीड़ादायक है। जिस जगह पर सभी को मौन रहकर दुख व्यक्त करना चाहिए था, वह श्रद्धांजलि देने आए लोगों के कारण एक 'सर्कस' में तब्दील हो गई। वहां भारी भीड़ और अव्यवस्था का माहौल बन गया। आखिर हम इतने असंवेदनशील कब से हो गए कि किसी के अंतिम दर्शन भी गरिमा और शांति के साथ नहीं कर पाते?"

उन्होंने सरकार और फिल्म इंडस्ट्री से अपील की कि अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि जैसे मौकों पर भीड़ और मीडिया को नियंत्रित करने के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं। शोक के समय परिवार को निजी और शांत माहौल मिलना चाहिए, न कि किसी तरह का दबाव या तमाशा जैसा दृश्य।

के. भाग्यराज का निधन 73 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से हो गया था। बताया गया कि सुबह टहलने के बाद उन्हें सीने में दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। कई कलाकार, निर्देशक और निर्माता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

उनके परिवार में पत्नी पूर्णिमा भाग्यराज, बेटा शांतनु भाग्यराज और बेटी सरन्या भाग्यराज हैं।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story

Tags