Samachar Nama
×

'वह बहुत प्यारी हैं', 'बिग बॉस 20' से बाहर आते ही मनीष गोयल ने काजी की पत्नी से की मुलाकात

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में अभिनेता मनीष गोयल और काजी तौकीर के बीच कई बार तीखी बहस देखने को मिली थी। शो के दौरान दोनों के रिश्ते में दोस्ती से लेकर नाराजगी तक कई उतार-चढ़ाव आए। हालांकि, अब शो से बाहर आने के बाद मनीष ने काजी के परिवार के साथ अपने रिश्ते को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है।

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में अभिनेता मनीष गोयल और काजी तौकीर के बीच कई बार तीखी बहस देखने को मिली थी। शो के दौरान दोनों के रिश्ते में दोस्ती से लेकर नाराजगी तक कई उतार-चढ़ाव आए। हालांकि, अब शो से बाहर आने के बाद मनीष ने काजी के परिवार के साथ अपने रिश्ते को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है।

अभिनेता ने बताया कि बिग बॉस के घर से बाहर निकलने के बाद सबसे पहले काजी की पत्नी ने उनसे संपर्क किया था। दोनों के बीच काफी अच्छी बातचीत हुई।

मनीष ने बताया कि काजी की पत्नी ने उनसे उनके पैर की चोट के बारे में भी पूछा और उनका हालचाल जाना। उन्होंने इस बातचीत को सकारात्मक बताते हुए लोगों से इसे किसी नकारात्मक नजरिए से नहीं देखने की अपील की।

मनीष ने कहा, ''मैं यह बात बता सकता हूं कि जब मैं घर से बाहर आया तो सबसे पहले मेरी बात काजी की पत्नी से हुई। वह खुद मेरे पास आईं और हमारी काफी अच्छी बातचीत हुई। मैं नहीं चाहता कि आप इस बात को किसी नकारात्मक तरीके से देखें। दो बातें हैं, मैं मानता हूं कि नकारात्मकता बहुत तेजी से फैलती है, लेकिन अगर इसके साथ सकारात्मकता भी आती है, तो हमें उसे बढ़ावा देना चाहिए। जब हमारी उनसे बात हुई तो उन्होंने पूछा, 'मनीष जी, आपका पैर कैसा है?' वह बहुत प्यारी हैं और उनका स्वभाव भी बहुत अच्छा है।''

अभिनेता ने कहा, ''मेरी पत्नी पूनम गोयल की भी काजी की पत्नी से बातचीत हुई। दोनों परिवारों के बीच रिश्ते सामान्य हैं और वे काजी के बाहर आने के बाद एक साथ मिलने का इंतजार कर रहे हैं। जब काजी आएंगे, तो हम सब मिलेंगे और खूब मस्ती करेंगे।''

दरअसल, बिग बॉस के घर में मनीष और काजी की दोस्ती की शुरुआत अच्छी रही थी। दोनों के बीच हंसी-मजाक और बातचीत देखने को मिलती थी। एक फैमिली टास्क के दौरान मनीष ने काजी के लिए अपनी लाइफलाइन तक कुर्बान कर दी थी। हालांकि, बाद में दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगीं।

शो के दौरान काजी बार-बार मनीष को 'प्रोफेसर' और 'ज्ञानी बाबा' कहकर बुलाते थे। शुरुआत में यह मजाक का हिस्सा था, लेकिन धीरे-धीरे यह बात मनीष को परेशान करने लगी। पूनम गोयल ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया था कि उनके पति को बार-बार इस तरह बुलाया जाना अच्छा नहीं लग रहा। उनके मुताबिक, बाद में मनीष की उम्र और उनके व्यक्तित्व को लेकर भी टिप्पणियां की गईं।

दोनों के बीच तनाव उस समय ज्यादा बढ़ गया, जब नॉमिनेशन टास्क के दौरान काजी ने एक बार फिर मनीष को 'प्रोफेसर' कहकर बुलाया। इस पर मनीष ने नाराजगी जताई और सवाल उठाया कि जिस इंसान के साथ उन्होंने हमेशा प्यार से व्यवहार किया, वही बार-बार उन्हें परेशान क्यों कर रहा है।

गौरतलब है कि मनीष गोयल का 'बिग बॉस 20' का सफर पैर में चोट लगने के कारण जल्दी खत्म हो गया था। शो के होस्ट सलमान खान ने भी साफ किया कि मनीष को कम वोट मिलने की वजह से नहीं, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते घर से बाहर जाना पड़ा।

--आईएएनएस

पीके/डीकेपी

Share this story