‘डफली वाले’ देखते ही भावुक हो जाती हूं, ऋषि कपूर को याद कर बोलीं करिश्मा कपूर
मुंबई, 5 जून (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने अपने चाचा और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के मशहूर गीत ‘डफली वाले’ को याद करते हुए बचपन की यादें ताजा कीं। उन्होंने बताया कि बचपन में वह इस गाने को देखने के लिए कई बार थिएटर गई थीं।
डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ में जज की भूमिका निभा रहीं करिश्मा कपूर ने इस गाने की विरासत को याद करते हुए कहा, ''ये गाना मैंने बचपन में मेट्रो सिनेमा में जाकर बहुत बार देखा है। जब भी मैं यह गाना देखती हूं तो भावुक हो जाती हूं, क्योंकि मुझे चिंटू अंकल की याद आती है। इस गाने में उन्होंने जिस तरह डफली बजाई है, वह आज भी यादगार है।''
शो में उनके साथ जज की भूमिका निभा रहे अभिनेता और डांसर जावेद जाफरी ने कहा, ''मैं ऋषि साहब का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। बहुत कम कलाकार ऐसे होते हैं जो स्क्रीन पर किसी वाद्य यंत्र को इतने विश्वास के साथ बजाते हुए दिखते हैं। ‘डफली वाले’ गाने में ऋषि साहब जिस तरह डफली बजाते हैं, उसे देखकर लगता है कि वह सचमुच इसे बजाना जानते हैं।''
यह चर्चा तब हुई, जब प्रतियोगी गीतांजलि ने 1979 की सुपरहिट फिल्म 'सरगम' के मशहूर गीत 'डफली वाले' पर प्रस्तुति दी।
इस गाने में ऋषि कपूर और जया प्रदा नजर आए थे। गीत को लता मंगेशकर और मोहम्मद रफी ने अपनी आवाज दी थी।
गाने का संगीत प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे।
यह गाना लोगों को खूब पसंद आया था और आज भी लोग इस गाने को सुनना पसंद करते हैं।
ऋषि कपूर देअभिनेता के साथ-साथ फिल्म निर्माता और निर्देशक भी थे। फिल्म बॉबी के लिए 1974 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार और साथ ही 2008 में फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार सहित अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। ऋषि कपूर का 30 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी

