'जिंदगी कितनी अनिश्चित है', प्रोड्यूसर आर.बी. चौधरी के निधन पर रजनीकांत से कमल हासन तक सितारों ने दी भावुक श्रद्धांजलि
चेन्नई, 6 मई (आईएएनएस)। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज प्रोड्यूसर आर.बी. चौधरी का 5 मई को उदयपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। इस खबर के बाद पूरे सिनेमा जगत में मातम पसरा हुआ है। चार दशकों से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने सैकड़ों फिल्मों के जरिए इंडस्ट्री को नई दिशा दी। उनके निधन की खबर को सुनते ही सोशल मीडिया पर साउथ के कई बड़े सितारों ने भावुक श्रद्धांजलि दी।
सुपरस्टार रजनीकांत ने अपने पोस्ट में गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा, ''मेरे प्यारे दोस्त, सुपर गुड फिल्म्स के आर.बी. चौधरी एक बेहतरीन प्रोड्यूसर थे। वे एक बहुत ही अच्छे इंसान थे। उन्होंने कई युवा निर्देशकों को अवसर दिए और फिल्म जगत को जीवंत बनाए रखा। उनकी असामयिक निधन की खबर ने मुझे अंदर तक झकझोर दिया। यह एक ऐसी क्षति है, जिसे भुलाना आसान नहीं होगा। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।''
दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने भी भावुक शब्दों में उन्हें याद किया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ''आर. पी. चौधरी, साउथ इंडियन फिल्म प्रोड्यूसर्स के बीच एक ऊंचे स्थान पर थे। वे एक साहसी और नए प्रयोग करने वाले निर्माता थे, जो हमेशा नए विचारों को अपनाने के लिए तैयार रहते थे। उन्होंने कई लोगों को इस इंडस्ट्री में पहचान दिलाई और अन्यों के करियर को मजबूती भी दी। युवा कलाकारों के लिए वे एक सहारा थे, उनका हमारे बीच से चले जाना बड़ा नुकसान है। मैं भाई जीवा, भाई रमेश और परिवार के उन सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं, जो अपने प्रिय पिता को खोने के दुख से टूट गए हैं।'
तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार चिरंजीवी ने भी आर.बी. चौधरी के साथ बिताए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने एक्स टाइमलाइन में लिखा, ''महान प्रोड्यूसर आर.बी. चौधरी गारू के अचानक निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। मैं उन्हें कई सालों से जानता हूं और हाल ही में सुपर गुड फिल्म्स के जरिए अपनी फिल्म 'गॉडफादर' में उनके साथ जुड़ा था। उन्होंने कई प्रतिभाशाली निर्देशकों और कलाकारों के करियर को संवारा है और अनगिनत कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाया है। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान इतना बड़ा है कि उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इस अकल्पनीय क्षति को सहने की उन्हें शक्ति मिले।''
एक्टर विशाल ने भी इस खबर पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ''शूटिंग के दौरान जब मुझे यह खबर मिली, तो मैं कुछ समय के लिए यकीन ही नहीं कर पाया। आर.बी. चौधरी इंडस्ट्री के सबसे सफल प्रोड्यूसर्स में से एक हैं। उनका जाना एक बड़ा झटका है। जिंदगी कितनी अनिश्चित है, यह इस घटना से साफ है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।''
अगर पूरे मामले की बात करें तो आर.बी. चौधरी का हादसा उदयपुर के पास हुआ, जहां उनकी कार एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।
बताया जा रहा है कि उनका पार्थिव शरीर चेन्नई लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके परिवार में उनकी पत्नी महजबीन और बेटे जीवा, रमेश और अशोक हैं।
--आईएएनएस
पीके/एएस

