Samachar Nama
×

इम्तियाज अली ने 'बॉबी ब्यूटी पार्लर' को बताया दिल के करीब, बोले- 'फिल्म ने मुझे अपने शहर की याद दिला दी'

मुंबई, 3 अगस्त (आईएएनएस)। इम्तियाज अली हिंदी सिनेमा के उन फिल्ममेकर्स में शामिल हैं, जिन्होंने प्यार, रिश्तों और जिंदगी के अनछुए पहलुओं को अपनी फिल्मों में बेहद खास अंदाज में पेश किया है। उनकी कहानियों में अक्सर छोटे शहरों की यादें, बचपन के अनुभव और इंसानी भावनाओं की झलक देखने को मिलती है।

मुंबई, 3 अगस्त (आईएएनएस)। इम्तियाज अली हिंदी सिनेमा के उन फिल्ममेकर्स में शामिल हैं, जिन्होंने प्यार, रिश्तों और जिंदगी के अनछुए पहलुओं को अपनी फिल्मों में बेहद खास अंदाज में पेश किया है। उनकी कहानियों में अक्सर छोटे शहरों की यादें, बचपन के अनुभव और इंसानी भावनाओं की झलक देखने को मिलती है।

अब इम्तियाज, अनुराग कश्यप के साथ मिलकर एक खास कहानी, 'बॉबी ब्यूटी पार्लर', के जरिए दर्शकों के सामने आ रहे हैं। इस शॉर्ट फिल्म को देखने के बाद इम्तियाज को अपने शहर, किशोरावस्था के दिनों और दोस्तों की याद आ गई।

इम्तियाज अली ने पुरानी यादों को याद करते हुए कहा, ''जिंदगी के सबसे खूबसूरत पल अक्सर बिना किसी शोर के गुजर जाते हैं, लेकिन वही पल इंसान के व्यक्तित्व का हिस्सा बन जाते हैं। 'बॉबी ब्यूटी पार्लर' की खूबसूरती इसी बात में है कि यह रोजमर्रा की जिंदगी के उन छोटे अनुभवों को दिखाती है, जो बाद में सबसे खास यादें बन जाते हैं।''

उन्होंने कहा, ''इस फिल्म ने मुझे अपने शहर के दिनों में वापस पहुंचा दिया। फिल्म देखते हुए मुझे अपने बचपन, किशोर उम्र के फैसलों और उन दोस्तों की याद आई, जो आज भी मेरी जीवन में खास जगह रखते हैं। दोस्ती की यही सादगी फिल्म को खास बनाती है।''

इस शॉर्ट फिल्म का निर्देशन शाश्वत द्विवेदी ने किया है। फिल्म का प्रीमियर फ्रेंडशिप वीक के मौके पर 6 अगस्त की रात को ओह शॉर्ट फ्लिप्स के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। फिल्म को रंजन सिंह ने प्रोड्यूस किया है, वहीं अनुराग कश्यप फिल्म को संपादित कर रहे है।

'बॉबी ब्यूटी पार्लर' एक ऐसी कहानी है, जो बचपन से जवानी की ओर बढ़ते दो दोस्तों के सफर को दिखाती है। फिल्म में ईलू और मनु नाम के दो बचपन के दोस्तों की कहानी दिखाई गई है, जो एक मोहल्ले के ब्यूटी पार्लर के अंदर फंस जाते हैं। वहां दोनों हंसी-मजाक करते हैं, पुरानी बातें याद करते हैं, कभी बहस करते हैं और उस समय को रोकने की कोशिश करते हैं जो तेजी से आगे बढ़ रहा है। फिल्म दोस्ती के उन भावनात्मक पलों को दिखाती है, जिनसे हर इंसान खुद को जुड़ा हुआ महसूस करता है।

इम्तियाज अली और अनुराग कश्यप की दोस्ती भी कई साल पुरानी है। दोनों की मुलाकात दिल्ली में पढ़ाई के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। 'बॉबी ब्यूटी पार्लर' के जरिए दोनों पहली बार इस तरह के प्रोजेक्ट के लिए साथ आए हैं।

अनुराग कश्यप ने फिल्म को लेकर कहा, "यह एक साधारण कहानी है, जो दोस्ती, सपनों और जिंदगी में बड़े होने की प्रक्रिया को दिखाती है। फिल्म के जरिए हमने बचपन के उस हिस्से को दिखाने की कोशिश की है, जिसे अक्सर लोग बड़े होने के बाद पीछे छोड़ देते हैं। मुझे खुशी है कि यह फिल्म यूट्यूब पर रिलीज हो रही है।"

फिल्म में अद्रिजा सिन्हा, पारुल राणा, सक्षम राज और प्रीति कोचर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story