श्रद्धा आर्या के साथ काम कर गौरव खन्ना खुश, कहा- 'उनके साथ एनर्जी बचती है और सीन नेचुरल बनता है'
मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता गौरव खन्ना जल्द ही टीवी शो 'दिल की बेवफाइयां' से फिक्शन शोज में वापसी करने जा रहे हैं। इस शो में वह अभिनेत्री श्रद्धा आर्या के साथ नजर आएंगे। गौरव पहली बार उनके साथ काम कर रहे हैं। श्रद्धा की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि हम दोनों का एक्टिंग करने का तरीका काफी मिलता-जुलता है, जिससे साथ में सीन करना आसान और नेचुरल हो जाता है।
आईएएनएस के साथ खास बातचीत में गौरव ने श्रद्धा के साथ स्क्रीन शेयर करने के अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा, ''श्रद्धा के साथ यह मेरा पहला शो है। वह बहुत अनुभवी कलाकार हैं और काफी सहजता से काम करती हैं। मेरी तरह उन्हें भी बार-बार रीटेक देने की आदत नहीं है। इसलिए उनके साथ काम करने में मुझे मजा आता है। इससे एनर्जी भी बचती है और सीन बहुत नेचुरल बनता है।''
गौरव ने टीवी फिक्शन में वापसी को लेकर भी बात की। गौरव ने बताया कि उन्होंने कभी पूरी तरह टेलीविजन से दूरी नहीं बनाई थी, बल्कि कुछ समय के लिए डेली सोप से ब्रेक लेकर रियलिटी शोज पर ध्यान दिया था। इस दौरान उन्होंने 'मास्टरशेफ', 'बिग बॉस' और 'खतरों के खिलाड़ी' जैसे शोज में हिस्सा लिया और अपनी अलग पहचान बनाई।
गौरव ने कहा, ''मैंने टीवी से ब्रेक नहीं लिया था। मैंने कुछ समय के लिए टेलीविजन सोप से ब्रेक लिया था, क्योंकि उस दौरान मैं रियलिटी शोज कर रहा था। मैंने 'मास्टरशेफ', 'बिग बॉस' और फिर 'खतरों के खिलाड़ी' जीता, लेकिन मैं दिल से एक अभिनेता हूं। जब मैंने मानव की यह कहानी सुनी और बालाजी टेलीफिल्म्स से फोन आया, तो इस ऑफर को मना करना मेरे लिए बहुत मुश्किल था।''
अभिनेता ने कहा, ''मैं लंबे समय से निर्माता एकता कपूर के साथ काम करना चाहता था। ऐसे में जब मुझे इस शो में एक अलग तरह का किरदार निभाने का मौका मिला, तो मैंने तुरंत हामी भरी। मानव का किरदार मेरे अब तक निभाए गए किरदारों से काफी अलग है और इसकी कहानी पेश करने का अंदाज भी नया होगा। मैं मानव का किरदार निभाने के लिए काफी उत्साहित हूं।''
बता दें कि 'दिल की बेवफाइयां' एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बन रहा है। शो में गौरव खन्ना मानव और श्रद्धा आर्या जानकी के किरदारों में नजर आएंगे। इसकी कहानी एक लंबे समय से शादीशुदा जोड़े के रिश्ते, उनके बीच आने वाली भावनात्मक उलझनों और शादीशुदा जिंदगी के उतार-चढ़ाव को दिखाएगी।
यह शो 24 नवंबर से प्रसारित होगा।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम

