Samachar Nama
×

वेब सीरीज 'स्नो ब्राइड' में रहस्य सुलझाती नजर आएंगी भूमिका गुरुंग, यति की कहानी के राज से उठेगा पर्दा

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। टीवी शो 'निमकी मुखिया' और 'निमकी विधायक' में अपनी एक्टिंग से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस भूमिका गुरुंग अब वेब सीरीज 'स्नो ब्राइड' के जरिए रहस्य और रोमांच से भरी दुनिया में नजर आएंगी। यह सीरीज हिमालय के एक दूरदराज गांव की कहानी है, जहां डर, अंधविश्वास और एक खौफनाक रहस्य लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं।

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। टीवी शो 'निमकी मुखिया' और 'निमकी विधायक' में अपनी एक्टिंग से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस भूमिका गुरुंग अब वेब सीरीज 'स्नो ब्राइड' के जरिए रहस्य और रोमांच से भरी दुनिया में नजर आएंगी। यह सीरीज हिमालय के एक दूरदराज गांव की कहानी है, जहां डर, अंधविश्वास और एक खौफनाक रहस्य लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं।

सीरीज में भूमिका पूर्वा नाम की महिला का किरदार निभा रही हैं, जो गांव के लोगों की मान्यताओं पर आंख बंद करके भरोसा करने के बजाय सच जानने की कोशिश करती है।

भूमिका का कहना है कि इस सीरीज की खास बात यह है कि दर्शक भी उनकी तरह धीरे-धीरे रहस्य की परतों को समझेंगे और गांव के बारे में अपनी धारणाओं पर सवाल उठाएंगे। छह एपिसोड वाली इस सस्पेंस क्राइम ड्रामा सीरीज में भूमिका के साथ शिवम भार्गव, मानुल चुडासमा और इंद्रजीत मोदी भी अहम भूमिकाओं में हैं।

कहानी ऐसे गांव में बुनी गई है, जहां यति को लेकर कई पीढ़ियों से कहानियां सुनाई जाती रही हैं। गांव की युवा महिलाओं के अचानक गायब होने की घटनाओं को यति से जोड़कर देखा जाता है। गायब होने वाली महिलाओं को 'यति की दुल्हनें' कहा जाता है और गांव के लोग डर, आस्था और पुरानी मान्यताओं के चलते इन घटनाओं को स्वीकार करते आए हैं। लेकिन जब पूर्वा इन कहानियों पर सवाल उठाना शुरू करती है, तो उसका सामना ऐसे रहस्यों से होता है, जो हर नए सवाल के साथ और भी डरावने होते जाते हैं।

भूमिका ने अपने किरदार के बारे में कहा, ''पूर्वा की सबसे खास बात मुझे यह लगी कि वह सिर्फ इसलिए किसी बात को सच नहीं मान लेती, क्योंकि उसके आसपास के सभी लोग उस पर विश्वास करते हैं। वह समझना चाहती है कि आखिर क्या हो रहा है, भले ही सवाल पूछने की वजह से उसे अपने आसपास के लोगों से अलग क्यों न होना पड़े।''

उन्होंने आगे कहा, ''पूर्वा के इस दृढ़ इरादे के साथ उसके मन में मौजूद डर और अनिश्चितता को पर्दे पर उतारना मेरे लिए काफी दिलचस्प रहा। मुझे 'स्नो ब्राइड' की सबसे अच्छी बात यह लगती है कि दर्शक भी पूर्वा के साथ ही इस रहस्य को सुलझाते दिखेंगे। मैं चाहती हूं कि दर्शक उसके सफर को देखें और गांव के बारे में जो कुछ वे जानते या मानते हैं, उस पर सवाल उठाएं।''

एक्टर शिवम भार्गव ने सीरीज की कहानी और इसके माहौल को दिलचस्प बताया। उन्होंने कहा, '''स्नो ब्राइड' का कॉन्सेप्ट काफी दिलचस्प है। इसकी लोकेशन और यति से जुड़ी वह कहानी, जिसे हममें से कई लोगों ने बचपन से सुना है, असलियत सामने आने से पहले ही मन में एक अजीब-सा डर पैदा कर देती है। इसकी कहानी दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करती है कि लोग किन बातों पर विश्वास करते हैं, किन चीजों को नजरअंदाज करते हैं और पर्दे के पीछे क्या छिपा हो सकता है।''

उन्होंने आगे कहा, ''ऐसे क्राइम ड्रामा का हिस्सा बनना दिलचस्प अनुभव रहा, जिसमें धीरे-धीरे रहस्य की परतें खुलती हैं। मैं दर्शकों के सीरीज देखने और यह जानने का इंतजार कर रहा हूं कि आखिर यह रहस्य किस तरह सामने आता है।''

एक्ट्रेस मानुल चुडासमा ने कहा, '''स्नो ब्राइड' को खास बनाने वाली बात यह है कि इसका रहस्य सिर्फ यति की कहानी तक नहीं है। गांव के लोगों ने जिस सच्चाई को स्वीकार कर लिया है, उसके पीछे एक और गहरी और डरावनी हकीकत छिपी है। यही बात कहानी को बेचैन करने वाला एहसास देती है। इस सीरीज में मुझे ऐसी दुनिया का हिस्सा बनने का मौका मिला, जहां चीजें जैसी दिखाई देती हैं, जरूरी नहीं कि असल में भी वैसी ही हों। मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि कहानी के राज खुलने के साथ दर्शक इसके किरदारों को किस नजरिए से देखते हैं।''

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story