Samachar Nama
×

अर्जुन दास को बदलने पर निर्माता देने को तैयार थे पैसा, निर्देशक विग्नेश श्रीकांत ने ठुकरा दिया ऑफर

मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। तमिल सिनेमा में अपनी अलग आवाज और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए पहचाने जाने वाले अर्जुन दास इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'वन्स मोर' को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने फिल्म से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने पूरी इंडस्ट्री का ध्यान खींचा।

मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। तमिल सिनेमा में अपनी अलग आवाज और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए पहचाने जाने वाले अर्जुन दास इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'वन्स मोर' को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने फिल्म से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने पूरी इंडस्ट्री का ध्यान खींचा।

उन्होंने बताया कि फिल्म को प्रोड्यूस करने के लिए कई कंपनियां तैयार थीं, लेकिन उनकी एक शर्त थी कि अर्जुन दास की जगह किसी दूसरे अभिनेता को कास्ट किया जाए। निर्देशक ने इसके बावजूद अपना फैसला बदलने से साफ इनकार कर दिया।

अर्जुन दास ने ट्रेलर लॉन्च इवेंट में फिल्म से जुड़ी अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए कहा, ''काफी समय पहले विग्नेश श्रीकांत मेरे पास इस फिल्म की कहानी लेकर आए थे। हमारी मुलाकात निर्देशक सूर्या नारायण के जरिए हुई थी। जब श्रीकांत ने मुझे फिल्म की कहानी का आइडिया सुनाया, तो मुझे वह बेहद खूबसूरत लगा। उस समय से ही उनके मन में मुझको फिल्म के मुख्य किरदार में रखने का फैसला था।''

अर्जुन ने आगे बताया, ''श्रीकांत इस कहानी को लेकर कई प्रोडक्शन कंपनियों के पास गए थे। उन्होंने अलग-अलग निर्माताओं को फिल्म का आइडिया सुनाया और फिल्म बनाने के लिए सहयोग मांगा। कहानी सुनकर कई कंपनियां प्रोजेक्ट में दिलचस्पी दिखा रही थीं, लेकिन इसके साथ एक सुझाव भी दे रही थीं।''

अर्जुन दास ने कहा, ''कुछ प्रोडक्शन कंपनियों ने श्रीकांत से कहा कि अगर वह फिल्म में किसी दूसरे अभिनेता को मुख्य भूमिका में ले लें तो वे इस प्रोजेक्ट को प्रोड्यूस करने के लिए तैयार हैं। ऐसे समय में आम तौर पर किसी निर्देशक के लिए फैसला आसान नहीं होता, क्योंकि फिल्म के लिए निर्माता मिलना किसी भी प्रोजेक्ट का बेहद अहम हिस्सा होता है।''

अर्जुन दास ने बताया , ''उन सभी प्रोडक्शन कंपनियों को निर्देशक का जवाब एक ही था- 'नहीं, मैं यह फिल्म अर्जुन दास के साथ ही करूंगा।' श्रीकांत लंबे समय तक निर्माता की तलाश करते रहे, लेकिन उन्होंने सिर्फ इसलिए अपनी पसंद नहीं बदली क्योंकि कोई कंपनी किसी दूसरे अभिनेता को लेना चाहती थी।''

अर्जुन ने आगे कहा, ''श्रीकांत की मुलाकात निर्माता युवराज गणेशन से हुई। युवराज को भी फिल्म का विचार पसंद आया और वह इस कहानी को लेकर उतने ही उत्साहित थे। इसके बाद दोनों की सोच मिली और फिल्म का प्रोजेक्ट आगे बढ़ सका। इस तरह लंबे इंतजार के बाद 'वन्स मोर' को बनाने का रास्ता साफ हुआ।''

'वन्स मोर' 28 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story