बड़ी फिल्मों से आखिरी वक्त पर हटाया गया, लेकिन हार नहीं मानी: अखिल सचदेवा
मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। संगीतकार और गायक अखिल सचदेवा ने खुलासा किया है कि पिछले साल उन्हें 3-4 बड़ी फिल्मों से आखिरी समय में बाहर कर दिया गया था, जबकि वह उन फिल्मों के लिए गाने भी तैयार कर चुके थे। उन्होंने कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेना चाहते, लेकिन अब उनका पूरा ध्यान सिर्फ संगीत पर है।
इमरान हाशमी अभिनीत हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'आवारापन 2' के गीत 'पिया घर आया- होमकमिंग' के संगीतकार अखिल सचदेवा ने आईएएनएस से बातचीत में अपने करियर और निजी जीवन पर खुलकर बात की।
अखिल ने कहा, "मैं किसी चीज को बैलेंस करने की कोशिश नहीं करता, क्योंकि जिंदगी में सब कुछ बैलेंस नहीं किया जा सकता। शायद यही वजह है कि मैंने कभी मुंबई शिफ्ट नहीं किया। मैं दिल्ली में अपने होम स्टूडियो में संगीत बनाता हूं, चुपचाप काम करता हूं और वापस लौट जाता हूं। मुझे भीड़ और रैट रेस का हिस्सा नहीं बनना है।"
उन्होंने आगे कहा, "भगवान ने मेरी जिंदगी में जो लिखा है, वही होगा। अगर उन्होंने गलतियां लिखी हैं तो मैं गलतियां भी करूंगा और उनसे सीखूंगा। मैं किसी भी तरह का समझौता नहीं करता। जब भी मेरा कोई गाना रिलीज होता है, लोग उसकी बात करते हैं, उसे नजरअंदाज नहीं करते।"
अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए अखिल ने कहा, "पिछले साल मुझे 3-4 बड़ी फिल्मों से आखिरी वक्त पर हटा दिया गया। मैंने उन फिल्मों के लिए गाने भी दिए थे। मैं यह नहीं कहूंगा कि लोग गलत थे, बस उस समय मेरा वक्त मेरे पक्ष में नहीं था। फिर मेरी बेटी का जन्म हुआ और उसके बाद मेरी जिंदगी में बहुत कुछ बेहतर हो गया।"
अखिल ने कहा कि इन अनुभवों से उन्होंने बहुत कुछ सीखा है और अब उनका लक्ष्य सिर्फ अच्छा संगीत बनाना और हमेशा श्रोताओं के दिलों से जुड़े रहना है। उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह आज या कल की बात नहीं है। मैं पहले भी था, आज भी हूं और आगे भी रहूंगा। यही मेरा विश्वास है और इसी सोच के साथ मैं संगीत बनाता हूं।"
--आईएएनएस
डीएससी

