'कभी नहीं मिला बाबू गिरी करने का मौका', फिल्म 'डकैत' की रिलीज से पहले बोले अभिनेता अदिवी शेष
मुंबई, 29 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता और निर्देशक अदिवी शेष ने फिल्म 'डकैत' की रिलीज से पहले अपने दिल की बात की है। उन्होंने बताया कि एक एक्टर और कहानीकार के तौर पर उन्हें कौन सी बात जमीन से जोड़े रखती है।
अदिवी शेष ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अपनी फिल्मों की कहानी दूसरे कलाकारों को सुनाना और शूटिंग के लिए उनकी डेट्स तय करना, उनके लिए हर बार एक बहुत ही विनम्र अनुभव होता है।
अभिनेता ने कहा, “जब आप अपनी फिल्म की कहानी उन कलाकारों को सुनाने की कोशिश करते हैं, जो कभी-कभी सिर्फ एक-दो दिन के लिए काम करने आते हैं, तो यह अनुभव आपको विनम्र बनाता है। आपको उनके पीछे-पीछे जाना पड़ता है, उन्हें फोन करके उनकी तारीखें लेनी पड़ती हैं, चाहे उनका रोल सिर्फ दो दिन का ही क्यों न हो। ऐसे में आप सामने बैठकर उन्हें कहानी समझाते हैं और कई बार वे कहते हैं कि उनके पास समय नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “इस वजह से मुझे कभी ऐसा मौका नहीं मिला कि मैं इस तरह की बाबू गिरी दिखा सकूं या कह सकूं कि मैं अपनी वैनिटी वैन में हूं, जब चाहो बता देना। मुझे ऐसा करने का अवसर कभी नहीं मिला।”
इससे पहले, अभिनेता ने तेलुगु सिनेमा की ताकत के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि भारत के दूसरे फिल्म उद्योगों के विपरीत, तेलुगु सिनेमा का एक मजबूत भावनात्मक आधार है, क्योंकि इस पर अभी भी कॉर्पोरेट्स का राज नहीं है।
जब उनसे पूछा गया कि तेलुगु सिनेमा को भारत के दूसरे उद्योगों से क्या चीज अलग बनाती है, तो उन्होंने आईएएनएस से कहा, "मुझे लगता है कि वह है भावनात्मक जुड़ाव। मैं आपको बताता हूं कि मेरा इससे क्या मतलब है। तेलुगू सिनेमा आज भी व्यक्तिगत प्रोड्यूसर्स की ओर से ही प्रोड्यूस किया जाता है। हो सकता है किसी ने अपना घर गिरवी रखकर फिल्म प्रोड्यूस की हो, किसी ने जमीन का टुकड़ा बेचकर फिल्म प्रोड्यूस की हो। किसी ने रियल एस्टेट में अच्छा काम किया हो, या कोई डॉक्टर हो और उसने फिल्म प्रोड्यूस की हो। ये वही लोग हैं जो हमारी 300, 400, 500 करोड़ रुपए की फिल्में भी प्रोड्यूस कर रहे हैं।"
बता दें कि अदिवी शेष अपनी आगामी फिल्म के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। सुप्रिया यारलागड्डा की ओर से निर्मित 'डकैत' 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में आने के लिए तैयार है। शेनिल देव फिल्म के निर्देशक हैं। मृणाल ठाकुर और अदिवी शेष के अलावा प्रकाश राज, सुनील, अतुल कुलकर्णी, जैन मैरी खान, कामाक्षी भास्कर और अनुराग कश्यप जैसे कलाकार नजर आएंगे।
--आईएएनएस
डीसीएच/एएस

