'अरे, जूता नहीं लेना किसी ने?' ट्रोलिंग पर सनी देओल का मजेदार जवाब, वीडियो में देंखे पैपराजी भी हंसी नहीं रोक पाए
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने अपनी आगामी फिल्म 'इक्का' की स्क्रीनिंग के दौरान हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए 'जूता विवाद' पर मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी। ट्रोलिंग को गंभीरता से लेने के बजाय सनी ने खुद इस पर चुटकी ली, जिससे वहां मौजूद पैपराजी और मेहमानों के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
दरअसल, कुछ दिन पहले 'इक्का' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सनी देओल के पहने हुए सफेद रंग के जूते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए थे। वायरल वीडियो में उनके जूते का पिछला हिस्सा थोड़ा घिसा हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया और इस पर कई मीम्स भी बनाए।
अब फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान जब सनी देओल पैपराजी के सामने फोटो खिंचवाने पहुंचे, तो उन्होंने खुद ही इस मुद्दे पर मजाक करते हुए कहा, "अरे, जूता नहीं लेना किसी ने?" उनके इतना कहते ही वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।इस पर एक पैपराजी ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, "जूता तो सर फुल फ्रेम में आ ही रहा है।" यह सुनकर सनी देओल भी हंस पड़े और मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए। उनका यह सहज और सकारात्मक अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
क्लीन-शेव लुक ने भी खींचा ध्यान
स्क्रीनिंग इवेंट के दौरान सनी देओल अपने नए लुक में नजर आए। उन्होंने क्लीन-शेव लुक, ब्लू चेक वाली कैजुअल शर्ट और कैप पहन रखी थी। उनका यह बदला हुआ अंदाज फैंस के बीच चर्चा का विषय बना रहा।सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनके नए लुक की तुलना दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के पुराने स्टाइल से की। कई प्रशंसकों ने लिखा कि सनी देओल अपने पिता की झलक देते नजर आ रहे हैं।
ट्रोलिंग पर दिया सकारात्मक संदेश
सनी देओल का यह अंदाज इस बात का उदाहरण माना जा रहा है कि सोशल मीडिया ट्रोलिंग का जवाब कभी-कभी मुस्कुराकर और हल्के-फुल्के अंदाज में भी दिया जा सकता है। फैंस ने उनके आत्मविश्वास और सेंस ऑफ ह्यूमर की जमकर तारीफ की।फिलहाल, 'इक्का' को लेकर दर्शकों में उत्साह बना हुआ है और फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद इसके प्रति लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई है। वहीं, सनी देओल का 'जूता' वाला मजाक सोशल मीडिया पर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

