धर्मेंद्र की आखिरी इच्छा का हेमा मालिनी ने किया खुलासा, वीडियो में बोलीं- 'परिवार हमेशा साथ रहे'; सनी-बॉबी की भी जमकर की तारीफ
धर्मेंद्र के निधन के बाद उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने पहली बार उनकी आखिरी इच्छा और परिवार को दी गई सीख का खुलासा किया है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने बताया कि धर्मेंद्र चाहते थे कि पूरा परिवार हमेशा एकजुट रहे और हर परिस्थिति में साथ निभाए।
'परिवार को हमेशा साथ रखना'
हिंदी रश को दिए इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने बताया कि धर्मेंद्र ने निधन से कुछ समय पहले उन्हें अपने पास बुलाकर कहा था कि परिवार को हमेशा साथ लेकर चलना।उन्होंने कहा, "उन्होंने बिल्कुल यही कहा था कि परिवार के साथ रहो, हमेशा साथ में रहो। सबको साथ लेकर चलना। चाहे कोई भी काम हो, लेकिन परिवार का साथ सबसे ज्यादा अहम होना चाहिए।"
सनी और बॉबी देओल की खुलकर की तारीफ
इंटरव्यू के दौरान हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र की पहली पत्नी के बेटों सनी देओल और बॉबी देओल के साथ अपने रिश्तों पर भी खुलकर बात की।उन्होंने कहा, "दोनों बहुत अच्छे लड़के हैं। सनी बहुत अच्छे हैं और बॉबी भी बहुत अच्छे हैं। हम सभी हमेशा साथ हैं। हम अपनी निजी जिंदगी का प्रचार नहीं करते। हमारे बीच बहुत अच्छा जुड़ाव है और हम एक खुशहाल परिवार हैं।"
फर्जी खबरों पर जताई नाराजगी
हेमा मालिनी ने यह भी बताया कि धर्मेंद्र के जीवनकाल में कई बार उनके निधन की झूठी खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहों से पूरा परिवार बेहद आहत हुआ था और उन्हें इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना खबरों से काफी दुख पहुंचा।
परिवार की एकजुटता पर दिया जोर
हेमा मालिनी ने कहा कि धर्मेंद्र हमेशा परिवार को सबसे बड़ी ताकत मानते थे। उनकी अंतिम इच्छा भी यही थी कि परिवार के सभी सदस्य प्रेम और सम्मान के साथ एक-दूसरे का साथ निभाते रहें।उन्होंने कहा कि बाहरी दुनिया में चाहे जो भी चर्चाएं हों, लेकिन उनका परिवार हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा।

