गोविंदा की पत्नी सुनीता ने वापस ली तलाक की अर्जी, वीडियो में मैनेजर बोले- जब केस वापस लेना था तो कोर्ट जाकर तमाशा क्यों बनाया?
अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बुधवार को एक नया मोड़ आया। सुनीता आहूजा अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ मुंबई की फैमिली कोर्ट पहुंचीं और अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली। सुनीता के इस फैसले पर गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब याचिका वापस ही लेनी थी तो तलाक का केस दायर करने और अदालत जाने की जरूरत क्यों पड़ी।एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में शशि सिन्हा ने कहा कि परिवार के निजी मामलों को घर के अंदर बैठकर बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता था। उन्होंने सुनीता के तलाक की अर्जी वापस लेने के फैसले पर अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की वजह से परिवार से जुड़े लोग बेवजह चर्चा में आ गए।
शशि सिन्हा ने कहा कि अदालत जाने की जरूरत नहीं थी। उनके मुताबिक, घर की बातें घर में रहकर और आपस में बैठकर सुलझाई जा सकती हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर आज याचिका वापस ही लेनी थी तो फिर केस किया ही क्यों गया था। मैनेजर ने यह भी कहा कि इस घटनाक्रम की वजह से उन्हें काफी दुख हुआ और ऐसा लगा कि बिना वजह सभी लोग तमाशा बन गए।दरअसल, गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से मीडिया में तरह-तरह की खबरें सामने आती रही हैं। दोनों के बीच कथित मतभेदों को लेकर भी चर्चा होती रही है। इसी बीच सुनीता की ओर से तलाक की याचिका दायर किए जाने की खबर सामने आई थी। हालांकि बुधवार को उन्होंने अदालत में पहुंचकर अपनी याचिका वापस ले ली।
सुनीता के साथ उनके बेटे यशवर्धन आहूजा भी फैमिली कोर्ट पहुंचे थे। याचिका वापस लेने के बाद दोनों कोर्ट से बाहर आए। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज कर दी है।गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने तलाक की प्रक्रिया को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। उनका कहना है कि किसी भी परिवार में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उन्हें बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि परिवार के लोग आपस में बात करके मामले को सुलझा लेते तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।
सुनीता आहूजा और गोविंदा की शादी को कई दशक हो चुके हैं। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा। गोविंदा और सुनीता लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कपल रहे हैं। ऐसे में उनके रिश्ते से जुड़ी कोई भी खबर तेजी से सुर्खियों में आ जाती है।हालांकि सुनीता ने तलाक की याचिका वापस क्यों ली, इस पर उनकी ओर से विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। इसी तरह गोविंदा की ओर से भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।फिलहाल तलाक की याचिका वापस लिए जाने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर नई अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं, मैनेजर शशि सिन्हा की टिप्पणी ने इस मामले को और चर्चा में ला दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पारिवारिक विवादों को अदालत तक ले जाने के बजाय आपसी बातचीत से सुलझाना बेहतर होता है।

