Govinda Comeback: 7 साल बाद फिल्मी पर्दे पर लौटेंगे गोविंदा, 'रूपा' से सामने आईं रानी स्वर्णकार संग रोमांटिक तस्वीरें
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और फिल्मों में वापसी को लेकर चर्चा में हैं। एक ओर पत्नी सुनीता आहूजा के साथ उनके रिश्तों को लेकर लगातार खबरें सामने आती रहती हैं, तो दूसरी ओर अभिनेता करीब 7 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी कर रहे हैं। गोविंदा जल्द ही फिल्म 'रूपा' में नजर आएंगे। इस फिल्म में रानी स्वर्णकार मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभा रही हैं।
गोविंदा ने ही रानी स्वर्णकार को फिल्म की हीरोइन के रूप में दर्शकों से परिचित कराया था। दोनों को कई मौकों पर एक साथ देखा गया है। अब रानी ने सोशल मीडिया पर फिल्म 'रूपा' की कुछ खास तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें गोविंदा उनके साथ रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। रानी ने तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा, 'रूपा से खूबसूरत झलक।'
पर्पल साड़ी में दिखीं रानी, गोविंदा का अंदाज भी चर्चा में
शेयर की गई तस्वीरों में रानी स्वर्णकार पर्पल कलर की साड़ी पहने नजर आ रही हैं। उन्होंने साइड पार्टेड हेयरस्टाइल और मोतियों के नेकलेस के साथ अपना लुक पूरा किया है। वहीं गोविंदा सफेद शर्ट, ब्लेजर और ब्लैक पैंट में दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे की बाहों में बाहें डालकर रोमांटिक पोज देते नजर आ रहे हैं। रानी ने अपनी पोस्ट में एक रोमांटिक गाना भी लगाया है, जिसके बोल हैं, 'प्यार का जमाना कभी होगा न पुराना, प्यार करते हैं, करते रहेंगे नए प्रेमियों की तरह।' इन तस्वीरों के सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
रानी स्वर्णकार की पहली फिल्म है 'रूपा'
'रूपा' रानी स्वर्णकार की पहली फिल्म बताई जा रही है। इस फिल्म के जरिए वह बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने जा रही हैं। गोविंदा के साथ उनकी जोड़ी को लेकर भी चर्चा हो रही है। हालांकि, फिल्म की रिलीज और कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
अफेयर की अफवाहों पर भी चर्चा में रहे गोविंदा और रानी
फिल्मी खबरों के अलावा गोविंदा और रानी स्वर्णकार के नाम को लेकर निजी जिंदगी से जुड़ी चर्चाएं भी सामने आई थीं। दोनों के बीच कथित रिश्ते और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की अफवाहें उड़ी थीं। हालांकि, गोविंदा ने इन खबरों को खारिज किया था। दूसरी ओर रानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए सुनीता आहूजा पर गोविंदा को मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए थे।
इन आरोपों और अफवाहों के बीच गोविंदा और सुनीता के रिश्ते भी सुर्खियों में रहे। खबरें आई थीं कि सुनीता ने तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी, लेकिन बाद में उन्होंने केस वापस ले लिया। फिलहाल दोनों को पहले की तुलना में सार्वजनिक जगहों पर कम साथ देखा जाता है।
सुनीता के साथ भी शो में नजर आए थे गोविंदा
गोविंदा और सुनीता को शो 'लॉकअप 2' में भी साथ देखा गया था। बताया गया कि गोविंदा वहां सुनीता के लिए पहुंचे थे। अब अभिनेता की फिल्मी वापसी और 'रूपा' में रानी स्वर्णकार के साथ उनकी केमिस्ट्री को लेकर चर्चा तेज है। दर्शकों को इंतजार है कि लंबे अंतराल के बाद गोविंदा बड़े पर्दे पर किस अंदाज में नजर आते हैं।

