Salman Khan फायरिंग केस में आया सनसनीखेज अपडेट, राजस्थान के इस राज्य से पकड़ा गया मामले का एक और आरोपी
गॉसिप न्यूज डेस्क - सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में एक नया अपडेट सामने आया है। इस नए मामले में मुंबई पुलिस ने नया केस दर्ज किया है। पुलिस ने आपराधिक धमकी के आरोप में राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बिना देरी किए मुंबई पुलिस की एक टीम जांच के लिए राजस्थान पहुंच गई। वहां से उनकी टीम ने 25 साल के इस शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसका नाम बनवारीलाल लटूरलाल गूजर बताया जा रहा है। ताजा अपडेट के मुताबिक मुंबई पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए मुंबई लेकर आई है।
सलमान खान को जान से मारने की धमकी
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने राजस्थान के बूंदी जिले से आरोपी बनवारीलाल लटूरलाल गूजर को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 25 साल के आरोपी बनवारीलाल लटूरलाल गूजर ने सुपरस्टार भाईजान को मारने की बिश्नोई गैंग की खतरनाक योजना की जानकारी एक यूट्यूब चैनल 'अरे छोड़ो यार' पर शेयर की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया था।
मुंबई पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मुंबई साइबर सेल ने आरोपी के खिलाफ धारा 506 (2), 504, 34 और आईटी एक्ट 66 (डी) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की एक टीम राजस्थान गई और आरोपी बनवारीलाल लटूरलाल गूजर को राजस्थान के बूंदी जिले के हिंडौली इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
सलमान खान फायरिंग केस
क्राइम ब्रांच आरोपी को आज राजस्थान से लाकर मुंबई की किला कोर्ट में पेश करेगी। इससे पहले भी सलमान खान को राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल गैंग से धमकियां मिली थीं। आपको बता दें कि 14 अप्रैल को सलमान खान के बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी। इस घटना के बाद से मुंबई पुलिस हर दिन अपडेट शेयर कर रही है।