Samachar Nama
×

Golmaal 5 Release Date: खत्म हुआ फैंस का इंतजार, इस दिन सिनेमाघरों में आएगी रोहित शेट्टी की फिल्म

Golmaal 5 Release Date: खत्म हुआ फैंस का इंतजार, इस दिन सिनेमाघरों में आएगी रोहित शेट्टी की फिल्म

रोहित शेट्टी अपनी फिल्मों में कॉमेडी के साथ जबरदस्त एंटरटेनमेंट और एक्शन का तड़का लगाने के लिए जाने जाते हैं। साल 2006 में उन्होंने 'गोलमाल: फन अनलिमिटेड' के साथ एक ऐसी कॉमेडी फ्रैंचाइजी शुरू की, जिसने दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बना ली।

पहली फिल्म की सफलता के बाद इस सीरीज के अब तक चार पार्ट रिलीज हो चुके हैं। लंबे समय से फैंस 'गोलमाल 5' का इंतजार कर रहे थे। अब मेकर्स ने आखिरकार इस इंतजार को खत्म करते हुए फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।

8 जनवरी 2027 को रिलीज होगी Golmaal 5

'गोलमाल 5' की रिलीज डेट की जानकारी अभिनेता तुषार कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए शेयर की है। पोस्ट के मुताबिक रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली यह फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह है और अब रिलीज डेट सामने आने के बाद इसका इंतजार और भी बढ़ गया है। फिल्म की स्टारकास्ट में अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार के नजर आने की भी चर्चा है।

कैसी रही गोलमाल की पिछली फिल्मों की कमाई?

'गोलमाल' फ्रैंचाइजी ने पिछले करीब दो दशकों में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है।

सीरीज की पहली फिल्म 'गोलमाल: फन अनलिमिटेड' साल 2006 में रिलीज हुई थी। करीब 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 41 से 46 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था।

इसके बाद साल 2008 में 'गोलमाल रिटर्न्स' रिलीज हुई। करीब 35 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने लगभग 80 करोड़ रुपये की कमाई की।

साल 2010 में फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म 'गोलमाल 3' आई। करीब 50 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 169.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और यह उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल रही।

इसके बाद साल 2017 में 'गोलमाल अगेन' सिनेमाघरों में आई। करीब 80 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 311 करोड़ रुपये की कमाई की।

अब पांचवें पार्ट से क्या उम्मीद?

'गोलमाल' सीरीज की खासियत इसका कॉमेडी और एंटरटेनमेंट से भरपूर अंदाज रहा है। चार सफल फिल्मों के बाद अब रोहित शेट्टी पांचवें पार्ट के साथ दर्शकों को फिर हंसाने और एंटरटेन करने की तैयारी में हैं।

'गोलमाल अगेन' के करीब एक दशक बाद फ्रैंचाइजी की अगली फिल्म बड़े पर्दे पर आने वाली है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या Golmaal 5 भी पिछली फिल्मों की तरह दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच पाएगी और बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना पाएगी?

Share this story

Tags