घरवालों से छिपकर दिया ऑडिशन, वही फैसला बना सलमान युसुफ खान की किस्मत का टर्निंग प्वाइंट
मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। टीवी और डांस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सलमान युसुफ खान आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। शानदार डांस, मेहनत और कभी हार न मानने वाले जज्बे ने उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाया, जहां पहुंचने का सपना हर कलाकार देखता है। बहुत कम लोग जानते हैं कि सफलता की इस चमक के पीछे संघर्ष की एक लंबी कहानी छिपी हुई है।
एक समय ऐसा भी था, जब उन्होंने अपने घरवालों को बताए बिना ऑडिशन दिया था। इतना ही नहीं, डांस के प्रति उनका जुनून इतना ज्यादा था कि इसके कारण उन्हें अपनी पढ़ाई में एक साल का नुकसान भी उठाना पड़ा था। लेकिन, उन्होंने हार नहीं मानी और अपने सपनों को सच कर दिखाया।
12 जून 1985 को जन्मे सलमान युसुफ खान का बचपन एक साधारण परिवार में बीता। उनका झुकाव शुरू से ही डांस की ओर था। बचपन से ही उन्हें स्टेज पर परफॉर्म करना पसंद था और धीरे-धीरे डांस उनका सबसे बड़ा सपना बन गया।
कॉलेज के दिनों में उनका डांस के प्रति लगाव और बढ़ गया। वे अपना ज्यादातर समय डांस प्रैक्टिस में बिताने लगे। इसी वजह से उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई और उन्हें एक साल का नुकसान उठाना पड़ा। परिवार चाहता था कि वह पढ़ाई पर ध्यान दें, लेकिन सलमान का मन डांस में था।
बताया जाता है कि जब पढ़ाई में परेशानी आई तो परिवार ने फीस देने से भी मना कर दिया। ऐसे समय में सलमान ने खुद मेहनत की और छोटे-बड़े डांस शो करके पैसे कमाए। उन्हीं पैसों से उन्होंने अपनी पढ़ाई और दूसरे खर्च पूरे किए। उनके इस संघर्ष ने उन्हें और मजबूत बनाया।
उनकी जिंदगी का एक और दिलचस्प किस्सा उस समय का है, जब उन्हें 'डांस इंडिया डांस' के ऑडिशन की जानकारी मिली। उन्हें लगा कि यह मौका उनके सपनों को नई उड़ान दे सकता है। हालांकि उन्हें डर था कि अगर परिवार ने मना कर दिया तो शायद यह अवसर हाथ से निकल जाएगा। इसी वजह से उन्होंने घरवालों को बताए बिना ऑडिशन देने का फैसला किया। उनका यह फैसला आगे चलकर उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ।
सलमान ने न सिर्फ ऑडिशन पास किया, बल्कि शो में शानदार परफॉर्मेंस देते हुए पहला सीजन जीत भी लिया। इस जीत ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। पूरे देश ने उनके टैलेंट को पहचाना और वह युवाओं के बीच लोकप्रिय हो गए।
इसके बाद सलमान का करियर लगातार आगे बढ़ता गया। उन्होंने कई बड़े डांस रियलिटी शो में हिस्सा लिया और कोरियोग्राफर के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। 'झलक दिखला जा' में उनके काम को खूब सराहा गया। उन्होंने कई कलाकारों को डांस ट्रेनिंग दी। अभिनेत्री दृष्टि धामी के साथ उनकी जोड़ी को खासतौर पर पसंद किया गया।
छोटे पर्दे पर सफलता के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया। 'वॉन्टेड' के एक गाने में नजर आने के बाद उन्हें और पहचान मिली। फिर उन्होंने 'एबीसीडी: एनी बॉडी कैन डांस' में अभिनय किया, जिसने उन्हें अभिनेता के रूप में भी स्थापित किया। इसके बाद वह 'स्ट्रीट डांस 3डी' समेत कई फिल्मों में दिखाई दिए। डांस के साथ-साथ अभिनय और कोरियोग्राफी में भी उन्होंने अपनी अलग छाप छोड़ी।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम

