'ब्रेस्ट सर्जरी कराओ, होंठों में इंजेक्शन लगवाओ...' मशहूर एक्ट्रेस ने खोले फिल्म इंडस्ट्री के काले राज़, फिल्ममेकर्स ने रखी थी अजीब शर्ते
बाहर से भले ही बॉलीवुड इंडस्ट्री बहुत चकाचौंध और ग्लैमर वाली लगे, लेकिन इसके पीछे एक कड़वी सच्चाई भी छिपी है। कई एक्ट्रेस को इंडस्ट्री के तय सुंदरता के पैमानों पर खरा उतरने का दबाव झेलना पड़ता है। बॉलीवुड की ब्यूटी क्वीन दीया मिर्ज़ा ने इंडस्ट्री के इस काले सच पर रोशनी डाली है और बताया है कि उन पर भी अपना लुक बदलने और बेहतर दिखने का दबाव डाला गया था।
दीया ने बताया कि उन्हें इंडस्ट्री के पुरुषों से अक्सर ऐसे कमेंट्स सुनने को मिलते थे जिनमें उनसे लिप इंजेक्शन या ब्रेस्ट ऑग्मेंटेशन सर्जरी करवाने के लिए कहा जाता था। इन कमेंट्स से उन्हें ऐसा महसूस होता था कि उनमें कोई कमी है। *SheThePeople* से सुंदरता के पैमानों, उम्र बढ़ने और कॉस्मेटिक सर्जरी के बारे में बात करते हुए दीया ने इस बात पर ज़ोर दिया कि महिलाओं को अक्सर ऐसा महसूस कराया जाता है कि उन्हें अपनी नैचुरल खूबसूरती में बदलाव करने की ज़रूरत है।
एक्ट्रेस का मानना है कि आज की दुनिया बाहरी खूबसूरती को बहुत ज़्यादा अहमियत देती है, जबकि अपने शरीर और मन को समझने और स्वीकार करने पर बहुत कम ध्यान देती है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें उम्र से जुड़े भेदभाव का सामना करना पड़ा है, तो दीया ने कहा, "बिल्कुल; मुझे बताया गया है कि मुझे खुद को कैसे बदलना चाहिए और कौन-कौन से प्रोसीजर करवाने चाहिए।"
"मुझे बताया गया कि मैं अपना लुक कैसे बेहतर बना सकती हूँ, और यह सलाह हमेशा पुरुषों की तरफ़ से आती थी। किसी महिला ने कभी मुझे बिठाकर यह नहीं कहा कि 'जाओ लिप इंजेक्शन लगवा लो क्योंकि तुम्हारे होंठ बहुत पतले हैं,' या 'ब्रेस्ट ऑग्मेंटेशन करवा लो क्योंकि वे बहुत छोटे हैं।'" जब उनसे पूछा गया कि क्या लिप जॉब या ब्रेस्ट सर्जरी के बारे में की गई टिप्पणियों का उन पर बुरा असर पड़ा, तो एक्ट्रेस ने माना, "हाँ, इससे मुझे ऐसा महसूस हुआ कि मुझमें कोई कमी है।"
"यह तब हुआ जब मैंने दो ब्यूटी पेजेंट जीते थे। मैं बहुत छोटी थी - टीनएजर थी - बीस साल की भी नहीं थी।" मेरे साथ ऐसा बार-बार हुआ। कभी कोई डायरेक्टर ऐसा कहता, तो कभी कोई प्रोड्यूसर। कभी-कभी कोई ऐसा व्यक्ति कहता जो खुद को एक्सपर्ट समझता था। लेकिन मुझे याद नहीं कि किसी महिला ने कभी मुझसे ऐसा कहा हो।

