Samachar Nama
×

 जयपुर में लाइव शो के दौरान स्टेज पर चढ़ा फैन, सुनंदा शर्मा घबराकर पीछे हटीं; सिक्योरिटी ने युवक को पकड़ा

 जयपुर में लाइव शो के दौरान स्टेज पर चढ़ा फैन, सुनंदा शर्मा घबराकर पीछे हटीं; सिक्योरिटी ने युवक को पकड़ा

मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। जयपुर में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक युवक अचानक स्टेज पर चढ़ गया। उसे अपनी ओर आता देखकर सुनंदा शर्मा घबरा गईं और चिल्लाते हुए पीछे हट गईं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत युवक को पकड़ लिया और स्टेज से नीचे उतार दिया। इस दौरान सुरक्षाकर्मी उसे घसीटते हुए ले जाते नजर आए। वहीं, सुनंदा शर्मा उन्हें रोकने के लिए 'इट्स ओके-इट्स ओके' कहती दिखाई दीं।

जयपुर के कॉलेज में हुआ लाइव शो

सुनंदा शर्मा 31 अक्टूबर को जयपुर के आनंद इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित इंटर-कॉलेजिएट टेक्नो-कल्चरल फेस्ट 'एकोना-2026' में शामिल हुई थीं। रात करीब 8:30 बजे वह स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं।

इसी दौरान एक फैन अचानक स्टेज पर पहुंच गया और उनके पैर छूने की कोशिश करने लगा। युवक को अचानक सामने देखकर सिंगर पीछे हट गईं। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए युवक को पकड़ लिया।

फैन को ले जाते देख बोलीं- इट्स ओके

घटना का करीब 23 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें सुनंदा शर्मा गाना गाते हुए स्टेज के सामने मौजूद दर्शकों की ओर बढ़ती दिखाई देती हैं। तभी एक युवक स्टेज पर चढ़कर उनके पैर छूने की कोशिश करता है।

सिंगर के पीछे हटते ही सुरक्षाकर्मी उन्हें सुरक्षा घेरे में ले लेते हैं और युवक को पकड़कर स्टेज से नीचे ले जाते हैं। इस दौरान सुनंदा 'इट्स ओके-इट्स ओके' कहकर सुरक्षाकर्मियों को रोकने की कोशिश करती हैं। इसके बाद वह स्टेज के पीछे चली जाती हैं।

गाजियाबाद में भी हो चुकी है ऐसी घटना

इससे पहले अप्रैल 2026 में गाजियाबाद के RKGIT कॉलेज में भी सुनंदा शर्मा के लाइव कॉन्सर्ट के दौरान ऐसी ही घटना हुई थी। उस समय एक छात्र अचानक स्टेज पर चढ़ गया और सिंगर के पैर छूने लगा।

अचानक हुई इस घटना से सुनंदा घबरा गई थीं। उन्होंने गाना रोक दिया और स्टेज छोड़कर चली गईं। छात्रों के काफी अनुरोध के बावजूद उन्होंने उस दिन दोबारा परफॉर्म नहीं किया था। पुलिस ने उस समय छात्र को हिरासत में लिया था।

पहले फैन को माफ करने की अपील की थी

गाजियाबाद की घटना के बाद सुनंदा शर्मा ने एक वीडियो जारी कर फैन का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि कई बार लोग प्यार जताने के लिए गलत तरीका अपना लेते हैं, लेकिन उनकी नीयत गलत नहीं होती। उन्होंने उस फैन को माफ करने की बात भी कही थी।

फिलहाल जयपुर की घटना पर सिंगर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, वायरल वीडियो के बाद लाइव शो में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Share this story

Tags