Dupahiya Season 2 Trailer Out: 'धड़कपुर' में फिर मचेगा धमाल, प्राइम वीडियो पर इस दिन स्ट्रीम होगी सीरीज़
प्राइम वीडियो की चर्चित ओरिजिनल सीरीज ‘दुपहिया’ के सीजन 2 का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में एक बार फिर धड़कपुर गांव की कहानी देखने को मिल रही है, जहां लोगों की जिंदगी में नई परेशानियां, अफवाहें, अंधविश्वास और मजेदार घटनाएं दस्तक देने वाली हैं। सीजन 2 में कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां पहला सीजन खत्म हुआ था।
ट्रेलर में क्या दिखा?
‘दुपहिया’ सीजन 2 का ट्रेलर दर्शकों को फिर से धड़कपुर की दुनिया में ले जाता है। यह वही गांव है, जिसे कभी भारत का इकलौता अपराध-मुक्त गांव बताया गया था। लेकिन अब गांव में हालात पहले जैसे नहीं हैं।बनवारी झा और उसका परिवार एक बार फिर नई मुसीबतों के बीच फंसता नजर आ रहा है। बनवारी की बंजर जमीन पर मोबाइल टावर लगाए जाने के बाद गांव में तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगती हैं। इसके साथ ही अंधविश्वास और हंगामा भी बढ़ता दिखाई देता है।
दूसरी तरफ रोशिनी अमावस के साथ मिलकर अपनी SSC परीक्षा की तैयारी पूरी करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में गांव के अलग-अलग किरदारों के सामने एक के बाद एक नई चुनौतियां खड़ी होती नजर आती हैं।अब सवाल यह है कि इन तमाम परेशानियों और उथल-पुथल के बीच क्या धड़कपुर के लोग अपनी जिंदगी को संभाल पाएंगे?
स्टारकास्ट में बड़ा नाम जुड़ा
सीजन 2 में पहले सीजन के कई प्रमुख कलाकार अपनी भूमिकाओं में वापस लौट रहे हैं। इनमें गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा शामिल हैं।
वहीं, इस बार भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और गायक दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी सीरीज की स्टारकास्ट का हिस्सा बने हैं। उनकी एंट्री सीजन 2 को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रही है।
कौन बना रहा है ‘दुपहिया’ सीजन 2?
‘दुपहिया’ सीजन 2 का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। सीरीज को बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने बनाया और प्रोड्यूस किया है।
वहीं, अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने सीरीज को क्रिएट करने के साथ-साथ इसकी कहानी और पटकथा भी लिखी है।
गजराज राव फिर बने बनवारी झा
सीरीज में बनवारी झा का किरदार निभाने वाले गजराज राव ने बताया कि ‘दुपहिया’ उनके पसंदीदा प्रोजेक्ट्स में से एक है। उनके मुताबिक, इस सीरीज की खासियत यह है कि कहानी भले ही एक छोटे गांव में सेट है, लेकिन इसके किरदारों के रिश्ते और रोजमर्रा की परेशानियां दर्शकों को अपनी जिंदगी से जुड़ी हुई लगती हैं।
गजराज राव के मुताबिक, दूसरे सीजन में पहले से ज्यादा हंगामा, नए ट्विस्ट और कई सरप्राइज देखने को मिलेंगे। साथ ही पहले सीजन वाला हास्य और अपनापन भी बरकरार रहेगा।
पुष्पलता के किरदार में रेणुका शहाणे
रेणुका शहाणे भी दूसरे सीजन में पुष्पलता के किरदार में वापसी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले सीजन के अनुभव के बाद इस किरदार में दोबारा लौटना उनके लिए काफी उत्साहजनक रहा।
उनके मुताबिक, ‘दुपहिया’ की खासियत यह है कि सीरीज रोजमर्रा की सामान्य घटनाओं में भी हास्य तलाशती है और इसके किरदार काफी जमीन से जुड़े हुए नजर आते हैं। सीजन 2 में चुनौतियां और बड़ी हो गई हैं, लेकिन धड़कपुर के लोगों का अपना अलग अंदाज और हास्य बरकरार है।
1 अक्टूबर से देख सकेंगे सीजन 2
‘दुपहिया’ सीजन 2 का प्रीमियर 1 अक्टूबर 2026 से प्राइम वीडियो पर होगा। ट्रेलर को देखकर साफ है कि इस बार धड़कपुर में सिर्फ पुरानी कहानी आगे नहीं बढ़ेगी, बल्कि गांव के लोगों के सामने नई परेशानियां और नए ट्विस्ट भी आने वाले हैं।
अब देखना होगा कि मोबाइल टावर से शुरू हुआ यह नया बवाल धड़कपुर के लोगों की जिंदगी में क्या-क्या बदलाव लेकर आता है।

