'दृश्यम 3' का धमाकेदार ट्रेलर आउट: इस बार विजय सलगांवकर के जाल में फंसी पुलिस?
अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड क्राइम थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम द कन्क्लूजन' यानी 'दृश्यम 3' को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। साल 2015 में शुरू हुई सालगांवकर परिवार की कहानी अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुकी है। फिल्म के पहले दोनों पार्ट को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था और अब तीसरे पार्ट को लेकर भी फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है।
मेकर्स ने बुधवार, 9 सितंबर को फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ट्रेलर को ऐसी जगह लॉन्च किया गया, जिसका सीधा कनेक्शन फिल्म की कहानी से है। 'दृश्यम द कन्क्लूजन' का ट्रेलर मुंबई के बजाय गोवा के पणजी में लॉन्च किया गया। करीब ढाई मिनट के ट्रेलर में सस्पेंस, रहस्य और परिवार को बचाने की विजय सलगांवकर की जद्दोजहद की झलक देखने को मिलती है।
'दृश्यम द कन्क्लूजन' का ट्रेलर है सस्पेंस से भरपूर
ट्रेलर की शुरुआत तब्बू के किरदार मीरा देशमुख से होती है। वह सौरभ शुक्ला के किरदार से सवाल करती हैं कि अगर विजय की कहानी का अगला चैप्टर लिखा जाए तो वह इस बार क्या करेगा। इसके जवाब में सौरभ शुक्ला कहते हैं कि विजय क्या करेगा, यह या तो विजय जानता है या फिर अल्लाह।
इसके बाद कहानी में एक बार फिर विजय सलगांवकर यानी अजय देवगन की एंट्री होती है। ट्रेलर में विजय से जुड़े नए सबूत और केस के दोबारा खुलने के संकेत मिलते हैं। श्रिया सरन और इशिता दत्ता भी परेशान नजर आती हैं और एक सीन में दोनों कुछ कागज जलाती दिखाई देती हैं।
वहीं रजत कपूर का किरदार अपने बेटे के लिए इंसाफ की मांग करता नजर आता है। इसके जवाब में तब्बू का किरदार कहता है कि उसे सिर्फ इंसाफ नहीं, बल्कि बदला चाहिए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार विजय और उसके परिवार के सामने पहले से कहीं बड़ी मुश्किल खड़ी होने वाली है।
प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की दमदार एंट्री
'दृश्यम द कन्क्लूजन' में इस बार कई नए चेहरे भी कहानी को और दिलचस्प बनाने वाले हैं। ट्रेलर में प्रकाश राज एक वकील की भूमिका में नजर आते हैं। उनका किरदार विजय को लेकर बेहद सतर्क दिखाई देता है और साफ करता है कि वह उसे हल्के में लेने की गलती नहीं करेगा।
इसके बाद जयदीप अहलावत की भी दमदार एंट्री होती है। वह क्राइम ब्रांच के एसपी की भूमिका में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में उनका किरदार विजय के लिए नई चुनौती बनता दिखाई देता है।
जयदीप अहलावत का किरदार जिस अंदाज में विजय के पीछे पड़ता नजर आता है, उससे साफ है कि इस बार सालगांवकर परिवार के लिए मुसीबत पहले से कहीं ज्यादा बढ़ चुकी है।
इस बार परिवार पर मंडरा रहा है बड़ा खतरा
फिल्म के नए पोस्टर में अजय देवगन, श्रिया सरन, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव समेत सालगांवकर परिवार के सदस्यों की झलक दिखाई गई थी। पोस्टर में परिवार पुलिस फोर्स की ओर देखता नजर आया।
अजय देवगन ने पोस्टर शेयर करते हुए संकेत दिया था कि इस बार कहानी में खतरा और बड़ा होने वाला है। यानी विजय एक बार फिर अपने परिवार को बचाने के लिए किस हद तक जाएगा, यही फिल्म का सबसे बड़ा सवाल होगा।
'दृश्यम 3' की कहानी होगी बिल्कुल नई
फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक के मुताबिक, 'दृश्यम 2' के बाद तीसरी फिल्म की कहानी तैयार करने में करीब एक साल का समय लगा। इसके बाद स्क्रीनप्ले को विकसित करने में भी लगभग एक साल लगाया गया।
उन्होंने बताया कि कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां 'दृश्यम 2' खत्म हुई थी, लेकिन इसके बाद विजय और उसके परिवार का सफर बिल्कुल नए रास्ते पर जाएगा। मेकर्स ने कहानी को इस तरह तैयार करने की कोशिश की है कि फिल्म पिछली दोनों फिल्मों की दुनिया से जुड़ी रहे, लेकिन दर्शकों को नया रोमांच और सस्पेंस भी मिले।
2 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
'दृश्यम द कन्क्लूजन' को स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। कहानी आमिल कीयन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर तैयार की गई है।
फिल्म में अजय देवगन विजय सलगांवकर, तब्बू आईजी मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में नजर आएंगी। इनके अलावा रजत कपूर, इशिता दत्ता, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
'दृश्यम' फ्रैंचाइजी की शुरुआत हिंदी में साल 2015 में हुई थी। इसके बाद 2022 में 'दृश्यम 2' रिलीज हुई, जिसमें विजय सलगांवकर की कहानी को आगे बढ़ाया गया था। अब इस क्राइम थ्रिलर फ्रैंचाइजी का आखिरी चैप्टर 'दृश्यम द कन्क्लूजन' 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगा।

