Drishyam 3 Box Office: छठे दिन भी अजय देवगन की फिल्म का जलवा, 232 करोड़ के पार पहुंची कमाई
अजय देवगन की क्राइम-सस्पेंस थ्रिलर 'दृश्यम 3' बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को रिलीज हुए छह दिन हो चुके हैं, लेकिन दर्शकों का उत्साह कम होता नजर नहीं आ रहा। वीकडेज में भी सिनेमाघरों में अच्छी ऑडियंस पहुंच रही है। महज पांच दिनों में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के बाद अब फिल्म की नजर बड़े रिकॉर्ड्स पर है।
छठे दिन कितना रहा कलेक्शन?
शुरुआती बॉक्स ऑफिस ट्रेंड के मुताबिक 'दृश्यम 3' ने छठे दिन यानी बुधवार को करीब 15.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। बुधवार की कमाई में पिछले दिनों के मुकाबले कुछ गिरावट जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की पकड़ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत बनी हुई है।
छठे दिन की कमाई जुड़ने के बाद फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन करीब 232.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म के लगातार बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए आने वाले दिनों में इसकी कमाई और बढ़ने की उम्मीद है।
अजय देवगन की फिल्मों में दूसरा सबसे बड़ा बुधवार
बुधवार की कमाई के मामले में 'दृश्यम 3' ने अजय देवगन की कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। करीब 15.50 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ यह अभिनेता के करियर की दूसरी सबसे ज्यादा बुधवार की कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
इस मामले में 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' अभी सबसे आगे है, जिसने बुधवार को 16.72 करोड़ रुपये कमाए थे।
अजय देवगन की टॉप बुधवार कलेक्शन वाली फिल्में
• तानाजी: द अनसंग वॉरियर – 16.72 करोड़ रुपये
• दृश्यम 3 – करीब 15.50 करोड़ रुपये
• सिंघम अगेन – 14.70 करोड़ रुपये
• गोलमाल अगेन – 10.05 करोड़ रुपये
• दृश्यम 2 – 9.55 करोड़ रुपये
अब 'दृश्यम 3' के पास बुधवार के कलेक्शन में 'तानाजी' को पीछे छोड़कर अजय देवगन के करियर में नया रिकॉर्ड बनाने का मौका है।
साल की चौथी सबसे बड़ी फिल्म बनने की रेस
232.50 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ 'दृश्यम 3' अब साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में तेजी से ऊपर बढ़ रही है। फिल्म के सामने अगला लक्ष्य 'मिर्जापुर: द मूवी' का करीब 233.2 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन है।
अगर फिल्म गुरुवार को इस आंकड़े को पार कर लेती है तो वह इस फिल्म को पीछे छोड़ते हुए साल की बड़ी फिल्मों की लिस्ट में एक और पायदान ऊपर पहुंच जाएगी।
अब 326 करोड़ वाली फिल्म पर नजर
'मिर्जापुर: द मूवी' के बाद 'दृश्यम 3' का अगला बड़ा लक्ष्य 'हनुमान अंश' बताई जा रही है, जिसने अब तक करीब 326.48 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। यह फिल्म अभी सिनेमाघरों में बनी हुई है।
ऐसे में आने वाले दिनों में 'दृश्यम 3' की रफ्तार बेहद अहम होगी। अगर अजय देवगन की फिल्म इसी तरह दर्शकों को थिएटर तक खींचती रही तो 300 करोड़ क्लब में एंट्री करना उसके लिए अगली बड़ी उपलब्धि हो सकती है।

