'6,4,6,4,6,4…' इस खिलाड़ी ने मात्र 15 गेंदों में जड़ दिया तूफानी अर्धशतक, जानिए कौन है ये बल्लेबाज ?
सरफराज खान ने 2025-26 विजय हजारे ट्रॉफी के सातवें राउंड में पंजाब के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक बनाकर इतिहास रच दिया। यह भारतीय लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी है। उन्होंने महाराष्ट्र के अभिजीत काले (1995) और बड़ौदा के अतीत शेठ (2021) के 16 गेंदों के रिकॉर्ड को तोड़ा। जयपुर के जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड में 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने तेज शुरुआत की। मुशीर खान और अंगकृष रघुवंशी ने पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े। इसके बाद सरफराज क्रीज पर आए और स्पिनरों पर ताबड़तोड़ हमला किया।
उन्होंने कप्तान अभिषेक शर्मा के ओवर में 3 छक्के और 3 चौके (6,4,6,4,6,4) लगाए और हरप्रीत बरार के ओवर में भी 19 रन बनाए। सरफराज आखिरकार 20 गेंदों में 62 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल थे। हालांकि, मुंबई अचानक 169/3 से लड़खड़ा गई और एक रन से मैच हार गई। सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे और कप्तान श्रेयस अय्यर के जल्दी आउट होने से टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई।
सरफराज इस टूर्नामेंट में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 6 पारियों में 303 रन बनाए हैं। इससे पहले, उन्होंने गोवा के खिलाफ 157 रन और उत्तराखंड के खिलाफ अर्धशतक भी बनाया था। सरफराज ने आखिरी टेस्ट मैच फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। वह हाल ही में शानदार फॉर्म में हैं और IPL 2026 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 75 लाख रुपये में खरीदा था।
लिस्ट ए – गेंदों के हिसाब से सबसे तेज अर्धशतक
12 गेंद - कौशल्य वीरारत्ने
13 गेंद - तिसारा परेरा
14 गेंद - रोरी कीथ क्लेनवेल्ट
15 गेंद - एडम होलिओके
15 गेंद - सलमान बट
15 गेंद - परवेज हुसैन
15 गेंद - सरफराज खान

