Samachar Nama
×

'मेरे साथ फालतूगिरी मत करना...' पैपराजी पर भड़कीं जरीन खान, वीडियो में देंखे इवेंट में सख्त लहजे में लगाई फटकार

'मेरे साथ फालतूगिरी मत करना...' पैपराजी पर भड़कीं जरीन खान, वीडियो में देंखे इवेंट में सख्त लहजे में लगाई फटकार

बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक ब्रांड प्रमोशनल इवेंट के दौरान पैपराजी की टिप्पणी पर नाराजगी जाहिर करती नजर आ रही हैं। वीडियो में अभिनेत्री मीडिया के एक सदस्य को सख्त लहजे में जवाब देते हुए अपनी मर्यादा में रहने की नसीहत देती दिखाई दे रही हैं।

दरअसल, जरीन खान मुंबई में एक क्लोदिंग ब्रांड के प्रमोशन इवेंट में शामिल हुई थीं। इस दौरान उन्होंने हरे रंग की ड्रेस पहन रखी थी और मीडिया के सामने ब्रांड की डेनिम जैकेट और जींस प्रदर्शित कर रही थीं। इसी बीच वहां मौजूद एक पैपराजी ने उनसे कथित तौर पर कहा, "ड्रेस ट्राई करके दिखाओ।"

यह टिप्पणी जरीन खान को पसंद नहीं आई। वीडियो में वह तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहती हैं, "फालतूगिरी की बातें नहीं करना मेरे साथ, क्योंकि मैं ऐसी चीजें बर्दाश्त करने वालों में से नहीं हूं। अपनी हद में रहकर बात करना।"

वीडियो में अभिनेत्री के चेहरे पर नाराजगी साफ देखी जा सकती है। उनके इस जवाब के बाद वहां मौजूद अन्य लोग भी कुछ पल के लिए शांत हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

कुछ यूजर्स ने जरीन खान के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी कलाकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि मनोरंजन जगत के आयोजनों में संवाद के दौरान दोनों पक्षों को संयम बनाए रखना चाहिए।

फिलहाल, इस घटना को लेकर जरीन खान या संबंधित पैपराजी की ओर से कोई अतिरिक्त आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, वायरल वीडियो ने एक बार फिर सेलिब्रिटी और पैपराजी के बीच पेशेवर मर्यादा और संवाद के तरीके को लेकर चर्चा छेड़ दी है।

Share this story

Tags