Samachar Nama
×

Diwali Special: फ्लॉप फिल्म का ये गाना हर दिवाली पर होता है वायरल, सोशल मीडिया स्टोरी और रील्स के बिना अधूरा है त्योहार

Diwali Special: फ्लॉप फिल्म का ये गाना हर दिवाली पर होता है वायरल, सोशल मीडिया स्टोरी और रील्स के बिना अधूरा है त्योहार

दिवाली का त्योहार खुशियों, रोशनी और अपनों के साथ यादगार पल बिताने का मौका लेकर आता है। इस दिन लोग घरों की सजावट और पूजा-पाठ के साथ नए कपड़े पहनते हैं। परिवार और दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर करना भी अब दिवाली सेलिब्रेशन का अहम हिस्सा बन गया है।

आज के दौर में लोग अपनी तस्वीरों और वीडियो के साथ पसंदीदा गाने लगाकर त्योहार की खुशियां जाहिर करते हैं। दिवाली के मौके पर सोशल मीडिया पर एक ऐसा गाना जरूर सुनाई देता है, जो हर साल इंस्टाग्राम स्टोरीज और रील्स पर छा जाता है। खास बात यह है कि यह गाना एक ऐसी फिल्म का हिस्सा है, जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही थी।

फ्लॉप फिल्म का गाना बन गया दिवाली का आइकॉनिक एंथम

दिवाली के मौके पर बार-बार सुनाई देने वाला यह मशहूर गाना साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'होम डिलीवरी' का है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई थी, लेकिन इसका एक गाना लोगों के दिलों में ऐसी जगह बना गया कि आज भी दिवाली आते ही इसकी लोकप्रियता बढ़ जाती है।

इस गाने के बोल हैं- 'मेरे तुम्हारे सबके लिए हैप्पी दीवाली'। सुनिधि चौहान की आवाज में सजा यह गीत त्योहार के माहौल को और खास बना देता है। यही वजह है कि हर साल दिवाली के आसपास लोग अपनी तस्वीरों और वीडियो के साथ इस गाने का इस्तेमाल करते हैं।

सुनिधि चौहान के साथ इन सिंगर्स ने भी दी आवाज

'हैप्पी दीवाली' गाने को सिर्फ सुनिधि चौहान ने ही नहीं गाया था, बल्कि इसमें वैशाली, सुरति, दिव्या, सूरज सहित अन्य गायकों ने भी अपनी आवाज दी थी।

इस गाने का संगीत विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल विशाल ददलानी ने लिखे थे। गाने की धुन और इसके सरल शब्द इसे दिवाली के जश्न के लिए खास बनाते हैं।

बच्चों के स्कूल फंक्शन पर फिल्माया गया था गाना

फिल्म 'होम डिलीवरी' में इस गाने को बच्चों के स्कूल फंक्शन के दौरान फिल्माया गया है। गाने के दृश्य में सभी बच्चे दिवाली के कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आते हैं, लेकिन एक बच्ची उदास बैठी होती है।

जैसे ही उसके माता-पिता वहां पहुंचते हैं, बच्ची खुशी से झूम उठती है और स्टेज पर दूसरे बच्चों के साथ परफॉर्मेंस में शामिल हो जाती है। इस दृश्य के जरिए परिवार के साथ और अपनों की मौजूदगी से मिलने वाली खुशी को दिखाया गया है।

क्या थी फिल्म 'होम डिलीवरी' की कहानी?

'होम डिलीवरी' साल 2005 में रिलीज हुई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी। इसका निर्देशन सुजोय घोष ने किया था। फिल्म में विवेक ओबेरॉय, आयशा टाकिया, बोमन ईरानी और महिमा चौधरी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।

भले ही यह फिल्म दर्शकों के बीच ज्यादा लोकप्रिय नहीं हो पाई, लेकिन इसका 'हैप्पी दीवाली' गाना आज भी अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। हर साल दिवाली के आते ही यह गीत सोशल मीडिया पर फिर से ट्रेंड करने लगता है। यही वजह है कि एक फ्लॉप फिल्म का गाना आज त्योहार की पहचान बन चुका है।

Share this story

Tags