Samachar Nama
×

डेली सोप नहीं, म्यूजिक वीडियो से वापसी करेंगी दीपिका कक्कड़, बोलीं- ‘इलाज के दौरान ये करना आसान नहीं’
 

डेली सोप नहीं, म्यूजिक वीडियो से वापसी करेंगी दीपिका कक्कड़, बोलीं- ‘इलाज के दौरान ये करना आसान नहीं’

टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ लंबे समय से छोटे पर्दे से दूर हैं और अपनी सेहत पर ध्यान दे रही हैं। एक्ट्रेस समय-समय पर अपने व्लॉग के जरिए फैंस को अपनी रिकवरी से जुड़ी जानकारी देती रहती हैं। अब उन्होंने अपने लेटेस्ट व्लॉग में अपने काम पर लौटने की योजना के बारे में बताया है। दीपिका जल्द ही पति शोएब इब्राहिम के साथ एक म्यूजिक वीडियो में नजर आएंगी।


डेली सोप को लेकर क्या बोलीं दीपिका?
अपने यूट्यूब व्लॉग में दीपिका कक्कड़ ने बताया कि मौजूदा स्थिति और इलाज को देखते हुए उनके लिए डेली सोप करना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान होने वाले साइड इफेक्ट्स के चलते लंबे समय तक शूटिंग करना उनके लिए मुश्किल हो सकता है।
दीपिका ने बताया कि फिलहाल वह एक म्यूजिक वीडियो के जरिए काम पर वापसी कर रही हैं। इस प्रोजेक्ट को लेकर उनके पति शोएब इब्राहिम ने भी उनका सपोर्ट किया है। एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्होंने शोएब से म्यूजिक वीडियो करने को लेकर बात की तो उन्होंने इसके लिए हामी भर दी।
डांस रिहर्सल में हुई परेशानी
दीपिका ने यह भी बताया कि लंबे समय बाद डांस रिहर्सल करने पर उन्हें शुरुआत में काफी परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि रिहर्सल के दौरान करीब हर 10 मिनट में ब्रेक लेना पड़ रहा था और उनका शरीर काफी कमजोर महसूस हो रहा था।
हालांकि, एक्ट्रेस का मानना है कि ऐसा लंबे समय बाद दोबारा रिहर्सल शुरू करने की वजह से भी हो सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे की रिहर्सल में उनकी स्थिति बेहतर होगी।


कमबैक को लेकर एक्साइटेड और नर्वस हैं एक्ट्रेस
दीपिका ने बताया कि म्यूजिक वीडियो की शूटिंग पूरी हो चुकी है। लंबे समय बाद कैमरे के सामने लौटने को लेकर वह उत्साहित होने के साथ-साथ थोड़ी नर्वस भी हैं। इस प्रोजेक्ट में वह अपने पति शोएब इब्राहिम के साथ दिखाई देंगी।


2025 में सामने आई थी कैंसर की बीमारी
बता दें कि दीपिका कक्कड़ ने 2025 में अपनी सेहत से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया था कि उन्हें स्टेज 2 लिवर कैंसर का पता चला है। जून 2025 में उनके लिवर से ट्यूमर हटाने के लिए सर्जरी की गई थी। इसके बाद से वह अपने व्लॉग्स के जरिए फैंस को अपनी रिकवरी और इलाज से जुड़े अपडेट देती रही हैं।
फिलहाल दीपिका का फोकस अपनी सेहत के साथ-साथ सीमित काम करने पर है। म्यूजिक वीडियो के जरिए उनकी वापसी को लेकर उनके फैंस भी उत्साहित हैं।
 

Share this story

Tags