Samachar Nama
×

Diljit Dosanjh Concert: इंदौर में दिलजीत का धमाकेदार शो, 'जय श्री महाकाल' के जयकारे से की शुरुआत; 7 करोड़ के टिकट बिके

Diljit Dosanjh Concert: इंदौर में दिलजीत का धमाकेदार शो, 'जय श्री महाकाल' के जयकारे से की शुरुआत; 7 करोड़ के टिकट बिके

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने रविवार रात इंदौर में शानदार कॉन्सर्ट किया। रात करीब 7:50 बजे उन्होंने 45 फीट ऊंचे एलिवेटर से मंच पर एंट्री की। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने 'जय श्री महाकाल' के जयकारे के साथ की। इसके बाद दिलजीत ने कहा, 'न पहले रुका था, न आगे रुकूंगा।' उनके शो में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे और रात 10 बजे आखिरी गाने के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।

राहत इंदौरी की शायरी पढ़कर दिया संदेश

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने मशहूर शायर राहत इंदौरी की गजल की पंक्तियां भी सुनाईं। उन्होंने कहा, 'अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है... सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।'

दिलजीत ने कहा कि इंदौर आने और कार्यक्रम को रोकने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन उन्होंने अपने प्रशंसकों से किया वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि यह महाकाल की धरती है और यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने प्रशंसकों को अपनी ताकत बताया।

'खुदा गवाह' और 'किन्नी किन्नी' पर झूमे फैंस

शो में दिलजीत ने अपने कई लोकप्रिय गानों की प्रस्तुति दी। 'खुदा गवाह', 'सांसों की माला' और 'किन्नी किन्नी' जैसे गानों पर दर्शक जमकर झूमे। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला।

7 करोड़ रुपये से ज्यादा के टिकट बिकने का दावा

BookMyShow के मुताबिक, इंदौर कॉन्सर्ट में 7 करोड़ रुपये से ज्यादा के टिकटों की बिक्री हुई। टिकटों की शुरुआती कीमत 1,500 रुपये थी। वहीं, सबसे महंगी GOAT टेबल 8 लाख रुपये और Born To Shine टेबल 5 लाख रुपये की थी।

आयोजन से इंदौर नगर निगम को 60 लाख रुपये से अधिक का टैक्स मिलने की जानकारी भी सामने आई है।

चार गानों को लेकर हुआ था विवाद

कार्यक्रम से पहले दिलजीत के चार गानों 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम' और 'जट्ट फायर करदा' को लेकर विवाद हुआ था। इन गानों पर रोक लगाने की मांग और चर्चा रही। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान दिलजीत ने इनमें से कुछ गाने भी प्रस्तुत किए।

धमकी भरे ई-मेल के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई

कॉन्सर्ट से पहले इंदौर के अलग-अलग संस्थानों को करीब नौ धमकी भरे ई-मेल मिले थे। इनमें 2 और 12 नवंबर को भेजे गए संदेश शामिल थे। 10 नवंबर को ग्वालियर हाईकोर्ट की बेंच को भी धमकी भरा ई-मेल मिला था। इसके अलावा महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय, बैंकों और निजी स्कूलों को भी धमकियां भेजी गई थीं।

आयोजन को लेकर RDX विस्फोट की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। कार्यक्रम स्थल पर बम डिस्पोजल टीम तैनात की गई और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी गई।

Share this story

Tags