Samachar Nama
×

दिल्ली मराठी फिल्म फेस्टिवल : 7 से 9 अगस्त तक अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में मराठी सिनेमा का जश्न

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली मराठी फिल्म फेस्टिवल 7 से 9 अगस्त तक अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित होने वाला है, जिसमें महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से फिल्म स्क्रीनिंग, कलाकारों से बातचीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मराठी सिनेमा का जश्न मनाया जाएगा।

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली मराठी फिल्म फेस्टिवल 7 से 9 अगस्त तक अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित होने वाला है, जिसमें महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से फिल्म स्क्रीनिंग, कलाकारों से बातचीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मराठी सिनेमा का जश्न मनाया जाएगा।

इसी को लेकर मंगलवार को आईएएनएस को जानकारी देते हुए, वैभव डांगे (दिल्ली मराठी प्रतिष्ठान) ने बताया कि दिल्ली-मराठी प्रतिष्ठान द्वारा पहली बार राष्ट्रीय राजधानी में मराठी फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इसका आयोजन 7 से 9 अगस्त तक जनपद स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में होना है, जो इसमें हमारे पार्टनर ऑर्गेनाइजेशन हैं।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार का संस्कृति मंत्रालय और फिल्म सिटी कॉर्पोरेशन के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। फिल्म फेस्टिवल के दौरान तीन दिनों में 25 से ज्यादा मराठी फिल्मों की स्क्रीनिंग होनी है, जिसमें शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, 12 फीचर फिल्म, कॉमेडी, हॉरर कमेडी, क्लासिकल और अन्य जॉनर की मूवी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इस दौरान तीन दिन के मास्टर क्लास का आयोजन एफटीआई के साथ मिलकर होने वाला है, जिसमें फिल्मी दुनिया में करियर बनाने के इच्छुक युवा भी शामिल होकर मूवी के प्रोडक्शन, टेक्निकल, आदि से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए युवाओं को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मराठी फिल्म इंडस्ट्री ने केवल मराठी फिल्म को समृद्ध नहीं किया है, बल्कि इसने देश की फिल्म इंडस्ट्री को समृद्ध बनाने में भी बहुत बड़ा योगदान दिया है। दादा साहब फाल्के, वी. शांताराम ऐसे लोग थे, जिन्होंने इस देश में फिल्म इंडस्ट्री की नींव रखी थी। इसी कारण हम चाहते हैं कि मराठी फिल्म इंडस्ट्री का जो पूरा इतिहास है, वह भी प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को दिखाया जाए।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो भी लोग मराठी नहीं बोलते और समझते हैं, वह भी इस फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनें। प्रत्येक मूवी सब-टाइटल के साथ दिखाई जाएगी और आपको उसे देखने में बहुत आनंद आएगा। हॉल में दर्शकों की एंट्री बिल्कुल फ्री है। दिल्ली मराठी फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनने के लिए दर्शकों को केवल क्यूआर कोड या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

उन्होंने बताया कि फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महाराष्ट्र के सांसद विनोद तावड़े, महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, मराठी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार, प्रोड्यूसर समेत अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। दिल्ली मराठी फिल्म फेस्टिवल का उद्घाटन 7 अगस्त को शाम 4 बजे किया जाएगा, जिसके बाद आगे के कार्यक्रम की शुरुआत होगी।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story