Shashi Kapoor Death Anniversary: सुपरहिट करियर के बाद भी क्यों दिवालिया हुए शशि कपूर, जाने सुपरस्टार के अर्श से फर्श तक की कहानी
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शशि कपूर अपने समय में लाखों दिलों की धड़कन हुआ करते थे। आज यानी 4 दिसंबर को शशि कपूर की पुण्यतिथि है। लंबी बीमारी के बाद 4 दिसंबर 2017 को उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। उन्होंने हिंदी सिनेमा को करीब 160 फिल्में दी हैं। उनकी ज्यादातर फिल्में हिट रही हैं। शशि कपूर आखिरी बार साल 1998 में आई फिल्म 'साइड स्ट्रीट' में नजर आए थे। बहुत कम लोग जानते हैं कि शशि कपूर का असली नाम बलवीर राज कपूर था। आइए आज उनकी पुण्यतिथि के मौके पर जानते हैं उनकी जिंदगी और करियर से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।

राज कपूर के परिवार में जन्मे दिग्गज अभिनेता शशि कपूर ने 60 के दशक में फिल्मों में डेब्यू किया जो सफल रहा। अपने फिल्मी करियर में उन्होंने एक के बाद एक हिट फिल्में दीं। साल 2011 में शशि कपूर को भारत सरकार ने पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया था। इसके बाद साल 2015 में उन्हें 2014 के दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सिनेमा को इतनी हिट फिल्में देने के बाद एक वक्त ऐसा भी आया जब शशि कपूर के करियर पर भी ग्रहण लग गया। 60 के दशक में उन्हें काम मिलना बंद हो गया। फिल्मों में काम न मिलने की वजह से वह पूरी तरह निराश हो गए थे, लेकिन उन्हें अपना घर चलाना था और इसके लिए उन्हें पैसों की जरूरत थी। ऐसे में शशि कपूर को अपनी पसंदीदा स्पोर्ट्स कार बेचनी पड़ी। इसके अलावा उनकी पत्नी जेनिफर को भी आर्थिक तंगी की वजह से अपना सामान बेचना पड़ा।

इस बात का जिक्र शशि कपूर के बेटे कुणाल ने अपने एक इंटरव्यू में किया था। इतनी मुश्किलें देखने के बाद 70 के दशक में शशि कपूर का वक्त फिर आया और फिर वह एक ऐसे सितारे की तरह चमके जिनकी चमक के आगे दूसरे सितारे भी फीके नजर आने लगे। आज भी शशि कपूर की फिल्मों के कई दीवाने हैं। एक तरफ जहां शशि कपूर ने कई सुपरहिट फिल्में दीं, वहीं दूसरी तरफ उनकी कुछ विवादित फिल्में भी रहीं।

शशि कपूर की विवादित फिल्मों में सबसे पहला नाम कॉनरैड रूक्स की फिल्म 'सिद्धार्थ' का है। इस फिल्म में कई आपत्तिजनक सीन थे। फिल्म की मुख्य नायिका सिमी ग्रेवाल और शशि कपूर ने ये दृश्य बड़ी ही बोल्डनेस के साथ किए थे। यह फिल्म अंग्रेजी भाषा में रिलीज हुई थी।

