प्रियंका चोपड़ा की कजिन मन्नारा पर टूटा दुखों का पहाड़! फादर्स डे के अगले दिन उठ गया पिता का साया, घर में छाया मातम

सलमान खान के शो बिग बॉस 17 में एंट्री के बाद से ही मन्नारा चोपड़ा चर्चा में हैं। हाल ही में वह लाफ्टर शेफ सीजन 2 में नजर आई थीं। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर फैन्स के साथ एक दुखद अपडेट शेयर किया है। मन्नारा और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फादर्स डे के अगले दिन ही उनके सिर से पिता का साया उठ गया है।अभिनेत्री और बिग बॉस की पूर्व प्रतियोगी मन्नारा चोपड़ा के पिता रमन राय हांडा का सोमवार 16 जून को निधन हो गया। वह 72 साल के थे और बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्रियों प्रियंका चोपड़ा और परिणीति चोपड़ा से उनके पारिवारिक संबंध भी थे।
मन्नारा के पिता की मौत की वजह क्या थी?
जूम की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि मन्नारा चोपड़ा के पिता रमन राय हांडा पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे थे। निधन के वक्त वह अपने परिवार के साथ मुंबई में थे। वह अपने पीछे पत्नी कामिनी चोपड़ा और दो बेटियों मन्नारा और मिताली चोड़ा को छोड़ गए हैं।
मनारा ने इंस्टाग्राम पर दी जानकारी
अभिनेत्री मनारा चोपड़ा ने इस मुश्किल घड़ी में अपने पिता के निधन की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए फैंस को दी। अपनी पोस्ट में एक्ट्रेस ने लिखा, 'बहुत दुख और दर्द के साथ हम फैंस को अपने प्यारे पिता के दुखद निधन की जानकारी देते हैं, जो 16/06/2025 को हमें छोड़कर चले गए।' इस पोस्टर में आगे लिखा गया कि वह हमारे परिवार के लिए ताकत का स्तंभ और मजबूत थे। हांडा का अंतिम संस्कार 18 जून को मुंबई में होगा।
क्या करते थे मनारा चोपड़ा के पिता?
अभिनेत्री मनारा चोपड़ा के पिता पेशे से वकील थे और दिल्ली हाई कोर्ट में काम करते थे। शादी को लेकर बता दें कि उनकी शादी प्रियंका और परिणीति की मौसी कामिनी चोपड़ा से हुई थी।