Samachar Nama
×

CBFC New Board: प्रीति जिंटा से पंकज त्रिपाठी तक, सेंसर बोर्ड में शामिल हुए 18 नए सदस्य
 

CBFC New Board: प्रीति जिंटा से पंकज त्रिपाठी तक, सेंसर बोर्ड में शामिल हुए 18 नए सदस्य

केंद्र सरकार ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) का पुनर्गठन कर दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से 16 सितंबर 2026 को जारी जानकारी के मुताबिक नए बोर्ड में फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े कई चर्चित चेहरों को जगह दी गई है। नए बोर्ड में कुल 18 सदस्य शामिल किए गए हैं और उनका कार्यकाल तीन साल या अगले आदेश तक, जो पहले हो, रहेगा। 
नई टीम में बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा, अभिनेता पंकज त्रिपाठी, सुनील शेट्टी, मनोज जोशी, अभिनेत्री रूपाली गांगुली, पल्लवी जोशी, फिल्ममेकर प्रियदर्शन और संगीतकार रिकी केज समेत कई नाम शामिल हैं।

CBFC के नए 18 सदस्यों की पूरी लिस्ट
सरकार की ओर से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार नए बोर्ड में ये सदस्य शामिल किए गए हैं:
•    विनोद अनुपम
•    मनोज जोशी
•    अभिषेक जैन
•    रिकी केज
•    प्रियदर्शन
•    सुनील शेट्टी
•    हंसराज हंस
•    सुप्रिया यरलागड्डा
•    यतींद्र मिश्रा
•    रूपाली गांगुली
•    प्रीति जिंटा
•    नीला माधब पांडा
•    पंकज त्रिपाठी
•    प्रसेनजीत चटर्जी
•    पल्लवी जोशी
•    निशिगंधा वाड
•    वामन केंद्रे
•    रमेश पतंगे

बॉलीवुड से रीजनल सिनेमा तक के चेहरे
नई CBFC टीम में हिंदी सिनेमा के साथ-साथ क्षेत्रीय फिल्म इंडस्ट्री, संगीत, साहित्य और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों को भी शामिल किया गया है। प्रीति जिंटा, पंकज त्रिपाठी और सुनील शेट्टी जैसे बॉलीवुड कलाकारों के अलावा बंगाली अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी और फिल्ममेकर प्रियदर्शन भी बोर्ड का हिस्सा होंगे।
रूपाली गांगुली टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं और ‘अनुपमा’ शो के लिए प्रसिद्ध हैं। वहीं पल्लवी जोशी अभिनेत्री और निर्माता के तौर पर काम कर चुकी हैं।
2017 में हुआ था पिछला बड़ा पुनर्गठन
CBFC का इससे पहले बड़ा पुनर्गठन अगस्त 2017 में किया गया था। उस समय सरकार ने बोर्ड को तीन साल के कार्यकाल के लिए पुनर्गठित किया था। 2017 में गठित बोर्ड में विद्या बालन, विवेक अग्निहोत्री, गौतमी तडिमल्ला, वामन केंद्रे, रमेश पतंगे और अन्य सदस्य शामिल थे। 
हालांकि, मौजूदा नियमों के तहत नए सदस्यों की नियुक्ति होने तक पुराने सदस्य पद पर बने रह सकते हैं। 2024 के प्रमाणन नियमों के मुताबिक बोर्ड के सदस्यों का कार्यकाल अधिकतम तीन साल तक हो सकता है और नए सदस्यों की नियुक्ति तक मौजूदा सदस्य पद पर बने रह सकते हैं। 

CBFC का क्या काम है?
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत काम करने वाला एक वैधानिक निकाय है। इसका मुख्य काम भारत में फिल्मों के सार्वजनिक प्रदर्शन से पहले उनका प्रमाणन करना है। बोर्ड में केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त अध्यक्ष और गैर-सरकारी सदस्य होते हैं। 
मई 2026 में शशि शेखर वेम्पति को CBFC का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से तीन साल का है। 
 

Share this story

Tags