‘लव एंड वॉर’ के सेट पर बड़ा हादसा, करंट लगने से कारपेंटर की मौत; वीडियो में देंखे मुआवजा बढ़ाने की मांग
बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म Love & War के सेट पर एक दुखद हादसा सामने आया है। मुंबई की फिल्म सिटी स्थित रॉयल पंप स्टूडियो में शॉर्ट सर्किट के कारण करंट लगने से 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव की मौत हो गई। घटना के समय फिल्म की शूटिंग चल रही थी और अभिनेत्री Alia Bhatt सेट पर मौजूद थीं। हादसे के बाद फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित एजेंसियों और फिल्म यूनिट ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्टूडियो में विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्य के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसकी चपेट में आने से कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद सेट पर मौजूद कलाकारों और तकनीकी कर्मचारियों में शोक का माहौल है।
आलिया भट्ट कर रही थीं शूटिंग
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय फिल्म की शूटिंग जारी थी और आलिया भट्ट अपने दृश्य की शूटिंग में व्यस्त थीं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए शूटिंग गतिविधियां प्रभावित हुईं।फिल्म में आलिया भट्ट के अलावा Ranbir Kapoor और Vicky Kaushal भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
मुआवजा बढ़ाने की मांग
हादसे के बाद Federation of Western India Cine Employees ने मृतक के परिवार को दिए जाने वाले मुआवजे को बढ़ाने की मांग की है।बताया गया है कि Bhansali Productions की ओर से मृतक के परिजनों को 40 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई है। हालांकि फेडरेशन ने इसे बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने की मांग की है।फेडरेशन का कहना है कि अतिरिक्त राशि से मृतक के बच्चों की शिक्षा और परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
संजय लीला भंसाली कर रहे हैं निर्देशन
‘लव एंड वॉर’ का निर्देशन मशहूर फिल्मकार Sanjay Leela Bhansali कर रहे हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से काफी उत्सुकता है और इसे आने वाले समय की बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है।हालांकि इस दुखद हादसे ने फिल्म की शूटिंग और उससे जुड़े लोगों को गहरा सदमा पहुंचाया है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
फिल्म सेट पर हुई इस दुर्घटना के बाद तकनीकी कर्मचारियों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि ड़े बजट की फिल्मों में भी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है और संबंधित पक्षों की ओर से मृतक के परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है।

